आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के चार खिलाड़ियों का ‘उदियमान उन्नयन खिलाड़ी योजना–2026’ में चयन

Share the News

आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के चार खिलाड़ी उदियमान उन्नयन खिलाड़ी योजना 2026 के लिए चयनित।

रिपोर्टर – बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विद्यालय की चार प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन प्रतिष्ठित ‘उदियमान उन्नयन खिलाड़ी योजना–2026’ के लिए हुआ है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और सभी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

योजना के अंतर्गत 10 से 11 वर्ष आयु वर्ग में विद्यालय की गुंजन सामंत एवं अंशिका थपलियाल तथा 11 से 12 वर्ष आयु वर्ग में रितिका एवं सुहानी का चयन हुआ है। चयनित सभी खिलाड़ियों को योजना के तहत ₹1,500 प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कम उम्र में खेल प्रतिभा के दम पर इस प्रतिष्ठित योजना में स्थान बनाना छात्राओं की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्राओं की यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि विद्यालय में खेलों को दिए जा रहे प्रोत्साहन और नियमित प्रशिक्षण का भी प्रमाण है। विद्यालय की ओर से खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कमलेश जोशी ने चयनित सभी छात्राओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें अपनी प्रतिभा को और निखारने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में अनुशासन, लगन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री सैम स्मिथ एवं श्री भूपेंद्र परिहार ने भी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं का चयन विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे खेलों के प्रति विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ेगा।

इस अवसर पर श्री हेम पंत, श्री बृजेश जोशी, श्री काबू सिंह, सुश्री गीता लुंठी एवं सुश्री ज्योति नेगी ने भी चयनित खिलाड़ियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने छात्राओं से भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

चारों खिलाड़ियों के चयन से आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि ये छात्राएं आने वाले समय में खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय, रानीखेत और अपने परिवार का नाम गौरवान्वित करेंगी।

See also  अल्मोड़ा : जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक
error: Content is protected !!