रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत की पांच प्रतिभाशाली छात्राओं ने ‘She for STEM Incubator’ कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड के टॉप परफॉर्मर्स में अपनी उल्लेखनीय जगह बनाई है।
चयनित छात्राओं में हर्षिता फर्त्याल, रितु मेहरा, तनिषा आर्या, भावना बिष्ट और ज्योति शामिल हैं।
इन छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए अब इनका चयन प्रतिष्ठित ‘She for STEM Accelerator Program’ के लिए किया गया है। इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी तीन महीनों तक छात्राओं को पर्सनलाइज्ड मेंटरिंग प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने विषय में गहन समझ विकसित कर सकेंगी तथा एक मजबूत रिसर्च-ओरिएंटेड प्रोफाइल तैयार कर पाएंगी।
एक्सेलेरेटर चरण के दौरान छात्राएं विशेषज्ञ मेंटर्स के साथ संवाद स्थापित करेंगी, विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर कार्य करेंगी और अनुसंधान गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगी। साथ ही उन्हें उन्नत स्किल्स ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे वे भविष्य में जॉब-रेडी बनने के साथ-साथ उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में भी अग्रसर हो सकेंगी।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के SHE for STEM के समन्वयक डॉ. भारत पाण्डेय ने कहा कि
“यह सफलता छात्राओं की मेहनत, लगन और वैज्ञानिक सोच का प्रत्यक्ष प्रमाण है। ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों का इस प्रकार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। यह कार्यक्रम छात्राओं को वैश्विक स्तर की वैज्ञानिक समझ और शोध क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है।”
वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पाण्डे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि
“हमारे महाविद्यालय की छात्राएं निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही हैं। ‘She for STEM’ जैसे मंच उनके आत्मविश्वास, कौशल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और भविष्य में और भी बेहतर परिणाम सामने आएंगे।”
महाविद्यालय परिवार एवं पूरे क्षेत्र में इस उपलब्धि को लेकर खुशी और गर्व का माहौल है। यह सफलता न केवल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करती है, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियों की क्षमता और संभावनाओं को भी उजागर करती है।

