रानीखेत में गूंजा भारत माता का जयघोष, भारतीय सेना का अंग बने 1170 अग्निवीर, ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में ली शपथ

छह माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद पासिंग आउट परेड में 1170 युवाओं ने ली राष्ट्र रक्षा की शपथ, सोमनाथ मैदान में उमड़ा देशभक्ति का ज्वार

रिपोर्ट – बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान शनिवार को देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा, जब 1170 अग्निवीरों ने राष्ट्र की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने की शपथ ली। छह माह के कठिन और अनुशासित प्रशिक्षण के बाद अंतिम पग भरते हुए ये युवा भारतीय सेना का हिस्सा बने।

समारोह के दौरान अग्निवीर बहादुरगढ़ द्वार से कदमताल करते हुए सोमनाथ मैदान पहुंचे। उनकी शानदार मार्चिंग और जोश को देखकर मैदान में मौजूद अभिभावक, परिजन और युवा देशभक्ति से भावविभोर हो उठे। पूरा मैदान “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।

धर्मगुरुओं ने सभी अग्निवीरों को राष्ट्र रक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर (केआरसी) के कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने अग्निवीरों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि सेना में भर्ती होना सौभाग्य की बात है और देश सेवा का अवसर हर किसी को नहीं मिलता।

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, केआरसी और पूरा देश उन माता-पिता का ऋणी है जिन्होंने अपने पुत्रों को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है।

समारोह में ब्रिगेडियर महादिक ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ अग्निवीरों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर के अधिकारीगण, अग्निवीरों के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

See also  हल्द्वानी : रिश्वतखोरी के मामले में वन दरोगा दोषी, तीन साल की सजा
error: Content is protected !!