अल्मोड़ा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने अल्मोड़ा निवासी भारतीय सेना की 5 असम यूनिट में कार्यरत मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद नाथ गोस्वामी के पुत्र एवं वीर सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के सर्वोच्च बलिदान पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने 6 जून को जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनके शहीद होने की खबर से पूरे प्रदेश और देश में शोक की लहर है।
करन माहरा ने कहा कि देश ने आज अपना एक वीर सपूत खो दिया है, जिसकी बहादुरी, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान हर देशवासी को भावुक कर देता है और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
करन माहरा ने कहा कि वीर बलिदानी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की शहादत सदैव देशवासियों को राष्ट्र और मातृभूमि के प्रति समर्पण एवं सेवा का संदेश देती रहेगी।

