मुख्यमंत्री धामी ने किसानों से मिट्टी संरक्षण, वैज्ञानिक खेती और जलवायु अनुकूल कृषि अपनाने का किया आह्वान, उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित।
अल्मोड़ा। हवालबाग में शनिवार को राज्य स्तरीय “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों से कृषि भूमि, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि “खेत बचाओ अभियान” अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की शक्ति और हिम्मत हैं। उन्होंने मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने, रासायनिक पदार्थों के सीमित उपयोग, नियमित मिट्टी परीक्षण और जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसानों को बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप फसलों का चयन करने और वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार ने बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है तथा बागवानी, पॉलीहाउस, फलोत्पादन, कोल्ड स्टोरेज, मेगा फूड पार्क और सुगंधित फसलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है और किसानों को योजनाओं का लाभ सीधे डीबीटी के माध्यम से दिया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद में तारबाड़ योजना के तहत लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने की घोषणा भी की, जिससे किसानों की खेती को जंगली जानवरों से सुरक्षित किया जा सकेगा।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, मोहन सिंह मेहरा, महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, कृषि सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

