ताड़ीखेत में निर्माणाधीन रोडवेज कार्यशाला एवं प्रस्तावित बस अड्डे का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Share the News

ताड़ीखेत में परिवहन निगम वर्कशॉप और बस अड्डे की तैयारी तेज, डीएम-अनुशीलन में पहुंचे विधायक प्रमोद नैलवाल

पहुंच मार्ग के लिए जर्जर भवन हटाने पर सहमति, अतिक्रमण चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। ताड़ीखेत में प्रस्तावित उत्तराखण्ड परिवहन निगम की वर्कशॉप एवं बस अड्डा परियोजना को गति देने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह और क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैलवाल ने निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यशाला हेतु चयनित भूमि, प्रस्तावित निर्माण कार्यों तथा पहुंच मार्ग का स्थलीय जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। कार्यशाला के लिए पहुंच मार्ग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें सड़क निर्माण के लिए उपयुक्त मार्ग का चयन किया गया। इसके तहत युवा कल्याण विभाग के निष्क्रिय एवं जर्जर भवन को ध्वस्त कर वहां से निकास मार्ग विकसित करने पर सहमति बनी। वहीं, कार्यशाला का मुख्य प्रवेश मार्ग ताड़ीखेत बाजार की ओर से प्रस्तावित किया गया है।

जिलाधिकारी ने प्रस्तावित मार्ग पर मौजूद अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला परिसर में कैंटीन एवं अन्य आवश्यक दुकानों की व्यवस्था विकसित करने को भी कहा।

उन्होंने वनभूमि हस्तांतरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रक्रिया में तेजी लाने और प्रस्ताव का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और विधायक ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनीता चंद, वन विभाग की उप प्रभागीय अधिकारी काकुल पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

See also  प्रभाग दिवस के अवसर पर रानीखेत रेंज में गोष्ठी का आयोजन।
error: Content is protected !!