पलायन रोकने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प, झटरी डाडामंडी में तीन दिवसीय पारिवारिक मिलन समारोह संपन्न

Share the News

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल)। यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा झटरी डाडामंडी में तीन दिवसीय पारिवारिक मिलन समारोह का सफल आयोजन किया गया।

समारोह में गांव के प्रवासी एवं अप्रवासी भाई-बंधुओं, युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना तथा गांवों से हो रहे पलायन पर चिंतन करना रहा।

कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. द्वारिका प्रसाद बलोदी ने बताया कि वर्ष 2022 से इस पारिवारिक मिलन समारोह का नियमित आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से लगातार हो रहा पलायन गंभीर चिंता का विषय है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने रिवर्स माइग्रेशन (गांवों की ओर वापसी) को समय की आवश्यकता बताते हुए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों पर आधारित उद्यमों में अपार संभावनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि यदि युवा अपने ज्ञान, कौशल और अनुभव का उपयोग गांवों के विकास में करें तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। रिवर्स माइग्रेशन केवल लोगों को गांव वापस लाने का प्रयास नहीं है, बल्कि गांवों को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे खाली होते गांव पुनः आबाद होंगे, लोक संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण होगा तथा आने वाली पीढ़ियों का अपने मूल गांवों से जुड़ाव भी मजबूत होगा।

समारोह के प्रथम दिवस पर शिवालय मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। द्वितीय दिवस पर मां भगवती आकाशपुरी देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

आयोजकों ने बताया कि इस पारिवारिक मिलन समारोह का मुख्य उद्देश्य गांवों से हो रहे निरंतर पलायन को रोकना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा युवाओं को अपनी संस्कृति और गांव के प्रति प्रेरित करना है।

See also  रानीखेत : उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयन्ती पर तहसील सभागार में पेंशनर जागरूकता शिविर का आयोजन
error: Content is protected !!