रानीखेत में पहली बार होगी 48 घंटे की अल्ट्रा एंड्योरेंस रन, देशभर के धावक दिखाएंगे दमखम

Share the News

रानीखेत में पहली बार आयोजित होगी 48 घंटे की अल्ट्रा एंड्योरेंस रन “द ट्रांस लूप्स”

10 से 12 जुलाई तक नरसिंह स्टेडियम में आयोजित होगी “द ट्रांस लूप्स”, फिटनेस और एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब (RMOC) के अध्यक्ष सुमित गोयल ने बताया कि आगामी 10 से 12 जुलाई 2026 तक नरसिंह स्टेडियम, रानीखेत में “द ट्रांस लूप्स” नामक 48 घंटे की अल्ट्रा एंड्योरेंस रन का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन का संचालन द एंड्योरेंस कलेक्टिव द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देशभर के अनुभवी एवं नवोदित अल्ट्रा रनर्स प्रतिभाग करेंगे।

प्रेस वार्ता में सुमित गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता में 6 घंटे, 12 घंटे, 24 घंटे और 48 घंटे की चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि के भीतर स्टेडियम ट्रैक पर अधिकतम दूरी तय करनी होगी। यह आयोजन विभिन्न आयु वर्ग एवं अनुभव स्तर के धावकों को अपनी क्षमता परखने का अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को प्रातः 8:30 बजे से बिब वितरण एवं रेस ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी, जबकि सायं 4:00 बजे प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके बाद यह अल्ट्रा रन लगातार 48 घंटे तक चलेगी और 12 जुलाई को निर्धारित समय पर संपन्न होगी।

सुमित गोयल ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में एंड्योरेंस रनिंग को बढ़ावा देना, युवाओं में फिटनेस एवं साहसिक खेलों के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा रानीखेत को राष्ट्रीय स्तर पर स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए चिकित्सा सहायता, हाइड्रेशन, पोषण, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने देशभर के धावकों एवं खेल प्रेमियों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए बताया कि इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता रानीखेत को देश के प्रमुख अल्ट्रा रनिंग आयोजनों की सूची में नई पहचान दिलाएगी तथा भविष्य में इसे वार्षिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में डॉ. विनीता जैन, कैप्टन मनीष सिंह, देवांशु साह गंगोला, अनिल गोयल, गोविंद सिंह बिष्ट, जीवन कुवार्बी, अशोक मेहरोत्रा, सोनू सिद्दीकी सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

See also  रानीखेत : चिलियानौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी, कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशियों ने किया नामांकन
error: Content is protected !!