होटल में गंगोलीहाट निवासी सेना के जवान का संदिग्ध हालात में मिला शव, क्षेत्र में शोक की लहर

Share the News

पिथौरागढ़। गंगोलीहाट क्षेत्र के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। रुड़की के एक होटल में भारतीय सेना के जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय कमलदीप दशौनी उर्फ मनोज के रूप में हुई है, जो पाताल भुवनेश्वर के समीप गनौरा गांव के मूल निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार गंगोलीहाट स्थित जीआईसी के पास अपने आवास में रह रहा है।

जानकारी के अनुसार कमलदीप दशौनी भारतीय सेना की बंगाल इंजीनियरिंग विंग में तैनात थे और वर्तमान में पंजाब में सेवाएं दे रहे थे। दो दिन पहले रुड़की के एक होटल में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

कमलदीप अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दोनों छोटे भाई भी देश सेवा में हैं, जिनमें एक बंगाल इंजीनियरिंग विंग और दूसरा भारतीय वायुसेना में कार्यरत है। करीब दो वर्ष पूर्व उनके पिता, जो स्वयं पूर्व सैनिक थे, का निधन हो चुका था। परिवार में वृद्ध माता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।

मृतक की पत्नी हेमलता खाती दशौनी जीआईसी चहज में सहायक अध्यापिका हैं। उनकी 13 वर्षीय पुत्री वृंधा (तानिया) कक्षा 8 में तथा 7 वर्षीय पुत्र राजवीर कक्षा 1 में अध्ययनरत है। बताया गया कि करीब तीन माह पहले अपनी नानी के निधन पर कमलदीप घर आए थे और वही उनकी परिवार से आखिरी मुलाकात थी।

जवान की मौत की खबर मिलते ही गंगोलीहाट और पाताल भुवनेश्वर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। माता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने कमलदीप दशौनी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

समाचार लिखे जाने तक जवान का पार्थिव शरीर गंगोलीहाट नहीं पहुंचा था। देर रात तक शव के पैतृक क्षेत्र पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, रुड़की पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

See also  भीमताल : वाटर फॉल में डूबने से युवक की मौत,शव बरामद
error: Content is protected !!