लोहाघाट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कुणीधार मानिला कॉलेज का शानदार प्रदर्शन, पांच पदक किए अपने नाम
गौरव कुमार ने त्रिकूद में जीता सोना, कुणीधार महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान
अल्मोड़ा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार, मानिला (अल्मोड़ा) की महिला एवं पुरुष एथलेटिक्स टीम ने खेल प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में 18 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। इनमें एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
पुरुष वर्ग की त्रिकूद (ट्रिपल जंप) स्पर्धा में गौरव कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में महाविद्यालय के एक अन्य खिलाड़ी गिरीश बंगारी ने शानदार प्रदर्शन कर दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक जीतने में सफलता प्राप्त की। इसके अतिरिक्त अर्जुन ने गोला फेंक (शॉट पुट) और चक्का फेंक (डिस्कस थ्रो) दोनों स्पर्धाओं में तीसरा स्थान प्राप्त कर दो कांस्य पदक हासिल किए।
इस तरह महाविद्यालय की एथलेटिक्स टीम ने प्रतियोगिता में कुल पांच पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
इस सफलता के पीछे महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. पीताम्बर दत्त पन्त का मार्गदर्शन तथा प्रशिक्षकों श्री महेश, श्री महेश बंगारी और श्री मनोज का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. पुष्पा नेगी ने भी खिलाड़ियों को समय-समय पर प्रोत्साहित करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।






