‘दशरथ नहीं, कुंभकरण बने विधायक’— पहाड़ी आर्मी का वंशीधर भगत पर हमला
20 साल से सड़क को तरसे फौजी परिवार, पहाड़ी आर्मी ने दी आंदोलन की चेतावनी
बच्चीनगर लक्ष्मी कॉलोनी में चौपाल, सड़क नहीं बनी तो DM और विधायक कार्यालय घेरने का ऐलान
कालाढूंगी। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के बच्चीनगर स्थित लक्ष्मी कॉलोनी में सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पहाड़ी आर्मी द्वारा आयोजित जन चौपाल में क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 20 वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति और जलभराव के कारण लगभग 40 फौजी परिवारों सहित अन्य लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बरसात के दौरान हालात इतने खराब हो जाते हैं कि लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह जाते हैं।
चौपाल में पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने कालाढूंगी विधायक वंशीधर भगत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रामलीला में दशरथ की भूमिका निभाने वाले विधायक जनता की समस्याओं के प्रति “कुंभकरण” बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास केवल कागजों और सरकारी दावों तक सीमित रह गया है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना था कि पिछले एक दशक में उन्होंने विधायक वंशीधर भगत और सांसद अजय भट्ट सहित जनप्रतिनिधियों से कई बार सड़क निर्माण की मांग की। चुनाव के समय लिखित आश्वासन भी मिले, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही सभी वादे भुला दिए गए। लोगों ने यह भी कहा कि ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य सभी सत्तारूढ़ दल से होने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।
चौपाल में उपस्थित लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क का डामरीकरण और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो जिलाधिकारी कार्यालय और विधायक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। हरीश रावत ने कहा कि पहाड़ी आर्मी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जल्द ही एक बड़ी रैली निकालकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेगी और समस्याओं के समाधान की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर विधायक, सांसद और जिलाधिकारी आवास का भी घेराव किया जाएगा।
कार्यक्रम में पहाड़ी आर्मी के जिला अध्यक्ष फौजी राजेंद्र कांडपाल, युवा जिला अध्यक्ष देवेंद्र साल, महिला जिला अध्यक्ष प्रेम मेर, नगर अध्यक्ष कविता जीना, नगर उपाध्यक्ष मनोज रावत सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
(नोट: यह खबर पहाड़ी आर्मी द्वारा जारी प्रेस नोट और उसमें लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित जनप्रतिनिधियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)


