रानीखेत विधानसभा में कांग्रेस ने कसी कमर, ताड़ीखेत विकासखण्ड के न्याय पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति
ताड़ीखेत विकासखण्ड में संगठन विस्तार पर जोर, करन माहरा बोले— बूथ स्तर तक कांग्रेस को करें मजबूत
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस ने रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। संगठन को न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से ताड़ीखेत विकासखण्ड के लिए न्याय पंचायत प्रभारियों की नियुक्ति की गई। इस संबंध में कांग्रेस कार्यालय, रानीखेत में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई, जिसमें चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के दम पर लड़ा जाएगा। उन्होंने नव-नियुक्त न्याय पंचायत प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनता के बीच जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।
करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और संगठन की मजबूती ही आगामी चुनाव में सफलता की कुंजी होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान ताड़ीखेत विकासखण्ड के लिए न्याय पंचायत प्रभारियों की घोषणा की गई। जैनोली न्याय पंचायत की जिम्मेदारी कैलाश पाण्डेय, पंतकोटुली की अरुण रावत, सगनेटी की कमलेश बोरा, पीपली की प्रेम अधिकारी, बिल्लेख की गोपाल सिंह कनवाल, बंगोड़ा की गुसाईं राम आर्या, विश्वा की अतुल जोशी, बमस्यूं की विश्व विजय सिंह माहरा, पथूली की पंकज जोशी तथा कपीना–पाण्डेकोटा की जिम्मेदारी प्रदीप माहरा को सौंपी गई।
बैठक का संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव ने किया। इस अवसर पर पीसीसी सदस्य कैलाश पाण्डेय, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, एससी विभाग प्रकोष्ठ अध्यक्ष गुसाईं राम आर्या, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप, उपाध्यक्ष विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, चंदन बिष्ट, चंदन करायत, ललित बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि न्याय पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को लाभ मिलेगा और जनसंपर्क अभियान को नई गति मिलेगी।


