सरस्वती विद्या मंदिर जानकीनगर में विज्ञान सप्ताह का शुभारंभ, रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई वैज्ञानिक सोच

Share the News

कोटद्वार। जानकीनगर स्थित रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में महान भारतीय वैज्ञानिक आचार्य डॉ. प्रफुल्ल चंद्र रॉय की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विज्ञान सप्ताह का भव्य शुभारंभ उत्साह और गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा विज्ञान के प्रति रुचि और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य महेंद्र गौड़, विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक संगीता रावत, संगीता कुकशाल, राहुल भाटिया तथा पूनम नेगी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती और महेंद्र गौड़ ने विद्यार्थियों को आचार्य डॉ. प्रफुल्ल चंद्र रॉय के प्रेरणादायी जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने वाली सोच है और विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर समाज के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

विज्ञान सप्ताह के प्रथम दिवस पर वैज्ञानिक उपकरणों पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के कुल 25 समूहों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों और अवधारणाओं का आकर्षक एवं रचनात्मक प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन विषयवस्तु, स्वच्छता, कलात्मक प्रस्तुति एवं वैज्ञानिक अवधारणा के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में भूपेंद्र सिंह, राजन कुमार और सरोज नेगी शामिल रहे।

प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर वर्ग में सरस, हर्षित, अनुष्का, दिव्या और आरुषि के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर वर्ग में रेयांश, दिव्यांशु, अक्षत, प्रियांशु और अभिमन्यु के समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर वर्ग में गुंजन, तन्नू, नैतिक, अनुराग और आयुषी के समूह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर रंगोली प्रतियोगिता प्रभारी संगीता कुकशाल एवं पूनम नेगी ने विद्यार्थियों को विज्ञान सप्ताह के दूसरे दिन आयोजित होने वाली विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की जानकारी दी और अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के परीक्षा एवं मीडिया प्रभारी आचार्य रोहित बलोदी, राकेश चमोली, शिवराम बड़ोला, मोहन सिंह, सुबोध ध्यानी, मधुबाला नौटियाल, साक्षी अग्रवाल सहित विद्यालय परिवार के समस्त आचार्यगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण विज्ञान, नवाचार और रचनात्मकता से सराबोर रहा।

See also  हल्द्वानी में नशे का कहर: इंजेक्शन ओवरडोज से 23 वर्षीय युवक की मौत, परिवार का इकलौता सहारा बुझा
error: Content is protected !!