रानीखेत : चिलियानौला के पास सड़क की बदहाल स्थिति से बढ़ा दुर्घटना का खतरा, स्थानीय लोगों ने तत्काल अस्थायी मरम्मत की उठाई मांग

रानीखेत-तिपौला रोड पर जानलेवा गड्ढा बना हादसे का खतरा, मोड़ पर अचानक सामने आने से वाहन चालक परेशान

रानीखेत। रानीखेत-तिपौला रोड पर बिरला स्कूल चिलियानौला से कुछ दूरी पर सड़क के बीचोंबीच बना एक बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क के मोड़ पर स्थित होने के कारण यह गड्ढा वाहन चालकों को अचानक दिखाई देता है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

स्थानीय निवासी के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। मोड़ पर गड्ढा होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों और गड्ढे से बचने के प्रयास में वाहन चालकों के बीच टकराव की स्थिति भी बन सकती है। कई वाहन चालक इस गड्ढे में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। खासकर दोपहिया वाहन सवारों के लिए यह स्थान बेहद खतरनाक बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में फिलहाल डामरीकरण संभव नहीं है, लेकिन तब तक प्रशासन को गड्ढे को भरने के लिए कोई अस्थायी व्यवस्था करनी चाहिए। गड्ढे में मिट्टी, पत्थर या अन्य उपयुक्त सामग्री डालकर सड़क को समतल किया जा सकता है, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके का निरीक्षण कराया जाए और डामरीकरण होने तक अस्थायी मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे को ठीक नहीं किया गया तो बरसात के दौरान इसमें पानी भरने से स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि सड़क के मोड़ पर बने इस गड्ढे को नजरअंदाज करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने के समान है। प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई गई है।

See also  अल्मोड़ा। हिमालय क्रांति पार्टी की जन संपर्क यात्रा पहुंची सल्ट
error: Content is protected !!