कांग्रेस नेता ने युवाओं की पहल की सराहना की, बोले— जब व्यवस्था मौन हो जाए तो समाज को खुद आगे आना पड़ता है
भीमताल। नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक के दूरस्थ दुदुली गांव में युवाओं ने जनसहभागिता और श्रमदान के जरिए गांव के विकास की नई शुरुआत की है।
वर्षों से उपेक्षित बुनियादी सुविधाओं के बीच गांव के युवाओं ने स्वयं आगे आकर स्कूल जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों के लिए झाड़ियों से पटे रास्तों की सफाई की। साथ ही अवैध शराब और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है।
इस पहल की जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कहा कि जब सरकारें केवल घोषणाओं तक सीमित रह जाएं और जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों से विमुख हो जाएं, तब समाज में परिवर्तन की शुरुआत जनता और युवाओं को ही करनी पड़ती है।
उन्होंने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब ऐसी सकारात्मक जनक्रांति गांव-गांव में देखने को मिल रही है।
मनोज शर्मा के अनुसार, अम्दौ-दुदुली-बबियाड़ क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से सड़क, सरकारी सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी हुई है। सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों का पलायन बढ़ा है, जबकि शराब की उपलब्धता और उससे जुड़ी सामाजिक समस्याएं लगातार बढ़ती गई हैं। इसी चिंता के चलते गांव के शिक्षित युवाओं ने एकजुट होकर बदलाव का संकल्प लिया।
युवाओं ने श्रमदान के माध्यम से विद्यालय जाने वाले बच्चों के रास्ते में उगी घनी और कंटीली झाड़ियों को काटकर मार्ग को सुरक्षित बनाया। उनका कहना है कि रास्तों की सफाई से जंगली जानवरों, विशेषकर बाघ के छिपने की आशंका भी कम होगी और ग्रामीणों का आवागमन सुगम बनेगा।
युवाओं ने निर्णय लिया है कि वे प्रतिदिन अपनी सुविधा के अनुसार दो घंटे गांव के विकास कार्यों को देंगे। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों और रास्तों की नियमित सफाई, जनजागरूकता अभियान, सामाजिक कार्यक्रमों में सहयोग तथा गांव में बिक रही अवैध शराब और उससे जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए जल्द ही ‘ग्राम विकास संघर्ष समिति’ का गठन एवं पंजीकरण कराया जाएगा। समिति में ग्राम प्रधान और वरिष्ठ ग्रामीण संरक्षक की भूमिका निभाएंगे, जबकि गांव के युवा इसकी जिम्मेदारियां संभालेंगे। समिति का उद्देश्य दुदुली को एक आदर्श गांव के रूप में विकसित करना होगा।
कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए युवाओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समिति के संचालन के लिए कार्यालय, स्टेशनरी और अन्य आवश्यक संसाधनों में भी सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि दुदुली के युवाओं की यह पहल पूरे उत्तराखंड के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि जब व्यवस्था अपेक्षित कार्य न कर सके तो समाज स्वयं संगठित होकर अपने क्षेत्र के विकास और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा सकता है।
इस अवसर पर चेतन शर्मा, योगेश कोटलिया, गौरव शर्मा, पंकज शर्मा, ग्राम पंचायत सदस्य मनोज कुमार, हरीश शर्मा, दीपक शर्मा, हेम कोटलिया, कमल कोटलिया सहित कई युवा मौजूद रहे।


