भीमताल में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, मनोज शर्मा बोले— ‘गांव-गांव तक फैला तस्करों का नेटवर्क, कार्रवाई नहीं हुई तो चलेगा जनअभियान’

Share the News

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के बढ़ते कारोबार को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और इससे जहां शराब तस्कर मालामाल हो रहे हैं, वहीं पहाड़ों का सामाजिक ताना-बाना बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

मीडिया को जारी अपने बयान में मनोज शर्मा ने कहा कि यदि अवैध शराब तस्करों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त नहीं होता, तो उनका नेटवर्क गांव-गांव तक इस तरह नहीं फैल सकता था। उन्होंने कहा कि सड़कें बंद हों या मौसम कितना भी खराब हो, एक मिस कॉल पर घर तक अवैध शराब पहुंच जाना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि वह लगातार भीमताल विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और लगभग हर क्षेत्र में कच्ची शराब के कारण परिवारों के टूटने, घरेलू कलह बढ़ने और सामाजिक माहौल बिगड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनके अनुसार देवभूमि उत्तराखंड का शांत वातावरण कुछ शराब तस्करों और उनके नेटवर्क के कारण प्रभावित हो रहा है।

मनोज शर्मा ने दावा किया कि भीमताल विधानसभा की लगभग हर न्याय पंचायत स्तर पर अवैध शराब तस्करों का सक्रिय नेटवर्क काम कर रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि गांवों को इस अवैध कारोबार से मुक्त कराया जा सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं करती है तो क्षेत्र के “क्रिएटिव युवाओं” के साथ मिलकर प्रत्येक क्षेत्र में टीमों का गठन कर अवैध शराब के खिलाफ व्यापक जनअभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान शुरू करने से पहले राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले में हस्तक्षेप करने तथा सरकार को सख्त कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया जाएगा।

मनोज शर्मा ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज के युवा आगे आएं और अपने गांव तथा क्षेत्र को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त कराने का संकल्प लें। उन्होंने लोगों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

नोट: यह खबर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा द्वारा जारी बयान और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

See also  रानीखेत महाविद्यालय और वडोदरा की संस्था के बीच एमओयू : शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में साझा प्रगति की ओर कदम
error: Content is protected !!