‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रानीखेत में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा नगर

Share the News

भाजपा कार्यकर्ताओं ने रानीखेत में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हुआ नगर।

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आह्वान पर चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत गुरुवार को रानीखेत में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्रों, छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारों और देशभक्ति गीतों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।

तिरंगा यात्रा कुमाऊँ मोटर स्टेशन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जरूरी बाजार पहुंची और ऐतिहासिक विजय चौक पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के गगनभेदी नारे लगाए। पूरे मार्ग पर तिरंगे की छटा बिखरी रही और नगर का वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवाओं और बच्चों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लीला बिष्ट, गिरीश भगत, दीप भगत, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री बिमला रावत, जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती, जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, जिला महामंत्री ध्यान सिंह नेगी एवं भूपेंद्र कांडपाल, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, मंडल महामंत्री उमेश पंत, मंडल ताड़ीखेत अध्यक्ष मुकेश पाण्डे, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत, एपल मैन गोपाल उप्रेती, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही, पूर्व प्रधान प्रदीप बिष्ट, महेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

See also  उत्तराखंड में वेतन संकट, त्योहार से पहले कर्मचारियों की बढ़ी मुश्किलें
error: Content is protected !!