प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो लाभार्थियों को मिली दूसरी किस्त, 80-80 हजार रुपये के चेक सौंपे

पीएम आवास योजना 2.0 के पात्र लाभार्थियों को सौंपी गई दूसरी किस्त।

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत। नगरपालिका रानीखेत-चिलियानौला के अध्यक्ष कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योजना के तहत पात्र दो लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए दूसरी किस्त की धनराशि के चेक प्रदान किए गए।

नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत एवं अधिशासी अधिकारी राजेश बुधानी ने लाभार्थी मनोज कुमार एवं प्रेमा देवी को द्वितीय किस्त के रूप में 80-80 हजार रुपये के चेक सौंपे। इस दौरान योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई।

बताया गया कि दोनों लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इससे पहले प्रथम किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। पहली किस्त मिलने के बाद आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और अब दूसरी किस्त के रूप में 80-80 हजार रुपये मिलने से निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने लाभार्थियों को आश्वस्त किया कि योजना की तृतीय एवं चतुर्थ किस्त के लिए जल्द ही शासन से धनराशि की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन से धनराशि प्राप्त होते ही पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार अगली किस्त उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आर्थिक कारणों से आवास निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न आए और लाभार्थियों के सपनों का घर समय पर पूरा हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य पात्र परिवारों को सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध कराना है। नगरपालिका स्तर पर योजना के लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

चेक प्राप्त करने के बाद मनोज कुमार एवं प्रेमा देवी ने खुशी जताई। दोनों लाभार्थियों ने दूसरी किस्त की धनराशि उपलब्ध कराने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, अधिशासी अधिकारी राजेश बुधानी सहित नगरपालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। लाभार्थियों ने उम्मीद जताई कि आगामी किस्तें भी समय पर मिलने से उनके आवास निर्माण का कार्य जल्द पूरा हो सकेगा।

See also  ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रानीखेत में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा नगर
error: Content is protected !!