द्वाराहाट में भाजपा का बूथ सशक्तिकरण अभियान तेज, कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प

द्वाराहाट में बीजेपी मंडल की बैठक संपन्न: बूथ सशक्तिकरण अभियान को गति देने और विधानसभा में ‘कमल’ खिलाने का लिया संकल्प

रिपोर्टर– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। भारतीय जनता पार्टी द्वाराहाट मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक ‘बूथ सशक्तिकरण अभियान’ के अंतर्गत आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होती है। ऐसे में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए मंडल स्तर पर किए जा रहे कार्यों को अब शक्ति केंद्रों और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाया जाएगा।

वक्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत संगठनात्मक सत्यापन कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर पर जाकर संगठन की स्थिति का आकलन किया जाएगा तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

बैठक में कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और नीतियों से जोड़ने का आह्वान किया गया। साथ ही पार्टी की सदस्यता अभियान को गति देने और समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाकर नए लोगों को संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्ण एकजुटता के साथ आगामी चुनावों में राज्य में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। साथ ही द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में ‘कमल का फूल’ खिलाकर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए बूथ स्तर पर पूरी मजबूती के साथ कार्य करने का दृढ़ निश्चय किया।

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में मुख्य रूप से भाजपा जिला महामंत्री भूपेंद्र कांडपाल, जिला पंचायत सदस्य युगल किशोर आर्या, मंडल अध्यक्ष विजय बजेठा, महामंत्री वीरेंद्र नेगी, हरीश भट्ट, रमेश कांडपाल, राजेंद्र रौतेला, पूजा शाह, बीना चौधरी, सुरेंद्र अधिकारी, कैलाश आर्या और नवीन चंद्र आर्या सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

See also  नैनीताल : उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अधिवक्ता सुभाष उपाध्याय को मुख्य न्यायाधीश ने 10 वे जज की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई
error: Content is protected !!