चिलियानौला नगरपालिका में नव-मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल रहे मुख्य अतिथि
चिलियानौला नगरपालिका को मिले तीन नए मनोनीत सभासद, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने दिलाई शपथ
रिपोर्टर — बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। चिलियानौला नगरपालिका परिसर में मंगलवार को मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया।
समारोह में क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नव-मनोनीत सभासद रोहित शर्मा, दीप चंद्राकर और भानु प्रताप कुवार्बी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्य अतिथि विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने तीनों नवनियुक्त सभासदों को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी नव-मनोनीत सभासदों का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि नगरपालिका के विकास में सभासदों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी मनोनीत सदस्य अपनी ऊर्जा, अनुभव और क्षमता का उपयोग क्षेत्र के सर्वांगीण विकास तथा जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने में करेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना है।
विधायक ने नव-मनोनीत सभासदों से नगरपालिका क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जनता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र में विकास को नई गति दी जा सकती है।
नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने भी नव-मनोनीत सभासदों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के अनुभव और सहयोग से नगरपालिका के विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
समारोह के अंत में मौजूद गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तीनों सभासदों को उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में चिलियानौला नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, अधिशासी अधिकारी राजेश बुधानी, सभासद शीला अधिकारी, नीमा मेहरा, आशीष पांडे, सुंदर कुवार्बी, पूर्व सभासद कमला बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, युवराज कुवार्बी, चंद्रशेखर आर्य, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, राम सिंह रावत, मुकेश पांडे, प्रकाश खाती, महेंद्र रावत, नवीन बोरा, धर्मेंद्र अधिकारी, दर्शन बिष्ट, विनोद कुमार दास, नवीन तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







