रानीखेत में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

दीवान सिंह हॉल में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित।

रिपोर्टर — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सेना के दीवान सिंह हॉल, रानीखेत में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत और केंद्रीय विद्यालय रानीखेत के छात्र-छात्राओं के साथ दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एडवोकेट ललित जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के विभिन्न प्रकारों और उनके व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका गंभीर असर पड़ता है।

उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, खेलकूद, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित युवा ही विकसित भारत की सशक्त नींव हैं।”

विद्यार्थियों ने पूछे नशामुक्ति से जुड़े सवाल

जागरूकता व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशे की रोकथाम, युवाओं पर इसके प्रभाव और नशामुक्ति से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। मुख्य वक्ता ललित जोशी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए नशे से बचाव के लिए जागरूकता, मजबूत इच्छाशक्ति और सकारात्मक संगति को महत्वपूर्ण बताया।

संवादात्मक सत्र में सक्रिय सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रमाण-पत्र पाकर विद्यार्थियों में भी उत्साह देखने को मिला।

नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम

कार्यक्रम में कर्नल जी.एस. नेगी, लेफ्टिनेंट कर्नल शशांक सिंह तथा आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें युवाओं, परिवारों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

नशामुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत का भविष्य” रहा।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने के साथ उन्हें शिक्षा, खेल, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

See also  हल्द्वानी: कांग्रेस पार्टी से मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने  बाजार क्षेत्र में किया जनसंपर्क कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात की
error: Content is protected !!