चिलियानौला के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, डीएफओ ने किया वन भूमि का स्थलीय निरीक्षण

Share the News

रानीखेत चिलियानौला नगर पालिका के विकास को मिलेगी गति, डीएफओ अल्मोड़ा ने लिया वन भूमि का जायजा।
रानीखेत। नगर पालिका परिषद रानीखेत-चिलियानौला क्षेत्र में लंबे समय से वन भूमि संबंधी अड़चनों के कारण रुके विकास कार्यों को जल्द गति मिलने की उम्मीद जगी है। पालिका अध्यक्ष अरुण रावत के विशेष अनुरोध पर रविवार को प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अल्मोड़ा अभिमन्यु सिंह ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने डीएफओ को बताया कि चिलियानौला नगर क्षेत्र चारों ओर से वन भूमि से घिरा हुआ है। इसके चलते सड़क, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य बुनियादी विकास कार्यों से जुड़ी कई योजनाएं लंबे समय से प्रभावित हैं। उन्होंने जनहित में इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ अभिमन्यु सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आ रही बाधाओं का नियमानुसार समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नगर क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान डीएफओ ने वन क्षेत्राधिकारी गनियाधोली को प्रभावित वन भूमि का तत्काल आकलन करने तथा आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
पालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने डीएफओ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वन विभाग के सहयोग से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है। इससे चिलियानौला के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर, वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा, सभासद शीला अधिकारी, आशीष पांडे, सुंदर सिंह कुवार्बी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

See also  चार्जिंग से हटाते ही फटी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी, धमाके में घर के मुखिया की मौत, पूरा परिवार झुलसा
error: Content is protected !!