नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विज्ञान संकाय द्वारा इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित
NEP-2020, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति, NCC, NSS, रोवर-रेंजर्स, समर्थ पोर्टल व ABC-APAAR ID की दी गई जानकारी
रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत, अल्मोड़ा के विज्ञान संकाय की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए छात्र इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के EDUSAT कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम एवं सिलेबस, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति तथा विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया। गणित विभाग के प्रभारी डॉ. सी. एस. पंत ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. प्राची जोशी ने प्रथम सेमेस्टर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के प्रावधानों के तहत पेपर चयन की प्रक्रिया एवं उससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विद्यार्थियों को दीं। रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. भारत पांडे ने तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के पेपर चयन से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की।
रसायन विज्ञान विभाग के प्रभारी एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. प्रसून कुमार जोशी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की परीक्षा प्रणाली, परीक्षा से संबंधित नियमों तथा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. संगीता कुमारी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय एवं शासन स्तर पर उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी। गणित विभाग के डॉ. शंकर कुमार ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) से संबंधित जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इसमें सहभागिता के लिए प्रेरित किया। हिंदी विभाग की डॉ. रेखा भट्ट ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की गतिविधियों एवं उसके महत्व पर प्रकाश डाला।
जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. प्रमोद जोशी, रोवर लीडर (RSL), ने विद्यार्थियों को रोवर-रेंजर्स से जुड़ी गतिविधियों और उनमें सहभागिता के अवसरों की जानकारी दी। इतिहास विभाग के डॉ. आशुतोष विक्रम, समर्थ नोडल, ने विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल, ABC ID तथा APAAR ID से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की और इन डिजिटल व्यवस्थाओं के महत्व को समझाया।
वनस्पति विज्ञान विभाग की डॉ. तनुजा तिवारी ने विभागीय स्तर पर संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान छात्र प्रतिनिधि एवं छात्रा उपाध्यक्ष संध्या ने भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न अवसरों और गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल कक्षा और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. रश्मि रौतेला, डॉ. मीना पार्गाई, डॉ. किरण पंत, डॉ. आशा उप्रेती, डॉ. अपूर्वा जोशी, डॉ. आरती चौहान एवं डॉ. निधि शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. स्तुति जोशी द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। छात्र इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान संकाय के समन्वयक डॉ. प्रसून कुमार जोशी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की पत्रिका “अर्चना” वितरित की गई।





