अंतर-सीमांत क्रिकेट टूर्नामेंट में सीमान्त रानीखेत की उपविजेता (Runner-Up) टीम का सम्मान समारोह
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली क्रिकेट टीम का प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह, आरक्षी संजय का सशस्त्र सीमा बल की क्रिकेट टीम में चयन होने पर विशेष बधाई
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमान्त मुख्यालय रानीखेत में 14 अक्टूबर 2026 को विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अंतर-सीमांत क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल करने वाली सीमान्त रानीखेत की क्रिकेट टीम को सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर महानिरीक्षक ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
जानकारी के अनुसार, 53वीं वाहिनी सिमलाबारी, पश्चिम बंगाल में 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक अंतर-सीमांत क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में सीमान्त रानीखेत की टीम ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, रणनीतिक कौशल और टीम भावना का शानदार परिचय दिया। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टीम ने प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान प्राप्त कर सीमान्त मुख्यालय रानीखेत का गौरव बढ़ाया।
टीम की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में सीमान्त रानीखेत के महानिरीक्षक ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी को व्यक्तिगत रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा गया कि खेल प्रतियोगिताएं न केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करने का माध्यम हैं, बल्कि इनके जरिए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और सामूहिक प्रयास की भावना भी मजबूत होती है।
हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण है अनुशासन और टीम भावना: महानिरीक्षक
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। किसी भी टीम की वास्तविक पहचान केवल उसकी जीत से नहीं, बल्कि मैदान पर उसके अनुशासन, अटूट समर्पण, रणनीतिक कौशल और टीम भावना से होती है। उन्होंने कहा कि सीमान्त रानीखेत की क्रिकेट टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान जिस जुझारूपन और खेल भावना का परिचय दिया, वह सराहनीय है। पूरी टीम की इस उपलब्धि पर सीमान्त परिवार को गर्व है।
महानिरीक्षक ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उम्मीद जताई कि टीम भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत, लगन और एकजुटता के साथ खेलते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि खेलों में भागीदारी से बल के जवानों में शारीरिक दक्षता के साथ-साथ आपसी समन्वय और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी विकसित होती है।
आरक्षी संजय के चयन पर विशेष बधाई
समारोह के दौरान महानिरीक्षक ने आरक्षी (सामान्य) संजय को भी विशेष रूप से बधाई दी। संजय का चयन सशस्त्र सीमा बल की क्रिकेट टीम के लिए हुआ है। उनकी इस व्यक्तिगत उपलब्धि को सराहनीय बताते हुए महानिरीक्षक ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सीमान्त रानीखेत की क्रिकेट टीम की उपलब्धि और आरक्षी संजय के चयन को बल के लिए गौरवपूर्ण बताया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से खिलाड़ियों के योगदान को पहचान देने के साथ ही अन्य जवानों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।


