“उत्तराखंड न्याय यात्रा” रानीखेत पहुंची, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

महंगाई, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी प्रकरण पर कांग्रेस का हमला, न्याय यात्रा रानीखेत पहुंची

यशपाल आर्य और करन माहरा ने भरी हुंकार, अंकिता को न्याय मिलने तक संघर्ष का ऐलान

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

 ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर उठाई आवाज

रानीखेत। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत उत्तराखंड के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ रानीखेत पहुंची। उत्तराखंड कांग्रेस सह प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, विधायक भुवन कापड़ी और पूर्व विधायक गोविन्द सिंह कुंजवाल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा का नगर में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महिला अपराध, बेलगाम महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन, बिगड़ती कानून व्यवस्था और चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं जैसी समस्याओं से आम जनता परेशान है। इसके साथ ही भर्ती घोटालों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा गया। वक्ताओं ने अग्निवीर योजना को युवा विरोधी बताते हुए कहा कि इन सभी मुद्दों पर कांग्रेस सड़क से सदन तक आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से उत्तराखंड का जनमानस प्रभावित हो रहा है। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा, प्रदेश के अधिकारों के संरक्षण तथा जनहित के मुद्दों पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए जनता को एकजुट होना होगा। कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्रीय जनता और कार्यकर्ताओं से न्याय यात्रा में शामिल होकर अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि न्याय के देवता गोल्ज्यू उत्तराखंड के लोगों की आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं। इसी विश्वास के साथ कांग्रेस ने चितई मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद न्याय यात्रा की शुरुआत की है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस लगातार विधानसभा से लेकर सड़क तक संघर्ष करती रही है।

आर्य ने कहा कि कांग्रेस ने इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई और उच्च न्यायालय के सेवारत न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग की थी। उनके अनुसार, जनदबाव के बाद सीबीआई जांच की घोषणा तो हुई, लेकिन कांग्रेस अब भी जांच की निष्पक्षता और प्रगति को लेकर सवाल उठा रही है।

उन्होंने सिक्किम के राज्यपाल पद पर दुष्यंत गौतम की नियुक्ति का जिक्र करते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। आर्य ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पदों पर नियुक्तियों के कारण संबंधित मामलों में कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संकल्प है कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में महिलाओं और दलित समाज की बेटियों के खिलाफ अपराधों, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और पलायन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन से जुड़े हितों की अनदेखी की जा रही है तथा विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में कथित वोट चोरी का आरोप लगाते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष की आवश्यकता पर जोर दिया।

करन माहरा ने भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक दल है और जनहित के मुद्दों पर राजनीति करने के साथ-साथ न्याय की लड़ाई लड़ना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े आरोपों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

माहरा ने कहा कि यदि प्रदेश की जनता के हितों और न्याय के सवालों को उठाना राजनीति है, तो कांग्रेस यह काम करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश के संवेदनशील मामलों में जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है और न्याय के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

मनोज यादव ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उठाए सवाल

उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने अंकिता के माता-पिता के आंदोलन और उनके साथ कथित प्रशासनिक व्यवहार को लेकर चिंता जताई।

यादव ने कहा कि एक ओर अंकिता के माता-पिता न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर संबंधित प्रकरण को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने सिक्किम के राज्यपाल पद पर दुष्यंत गौतम की नियुक्ति का उल्लेख करते हुए पूछा कि जब मामले को लेकर जांच और विवाद जारी हैं, तो ऐसे समय में इस नियुक्ति को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब कौन देगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता न्याय चाहती है और कांग्रेस इस मांग को मजबूती से उठाती रहेगी। यादव ने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का किया आह्वान

न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के अवसर, महिलाओं को सुरक्षा, आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और ग्रामीण क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की समस्याओं और अधिकारों को सामने लाने का माध्यम है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के सवालों को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पूर्व प्रवक्ता अतुल जोशी, जिला अध्यक्ष दीपक किरौला, पूर्व विधायक ललित फर्सवान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कैलाश पाण्डेय, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष गीता पंवार, नगर अध्यक्ष नेहा साह माहरा, पंचायती राज जिलाध्यक्ष त्रिलोक चन्द आर्या, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गुसाईं राम, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, हरीश ऐठानी, दीपक पंत, कुलदीप कुमार, हेमंत रौतेला, मोहन सिंह बिष्ट, जिला मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रानीखेत में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और व्यापक बनाने तथा जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

 

See also  महाकुंभ हादसे की पीछे साजिश, नाम बता सकता हूं : धीरेंद्र शास्त्री
error: Content is protected !!