द्वाराहाट के छतगुल्ला में दुग्ध उत्पादकों से रूबरू हुए आशुतोष शाही, पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने पर दिया जोर

द्वारहाट के छतगुल्ला में दुग्ध उत्पादक समिति का कार्यक्रम आयोजित।

पशुपालकों को प्रोत्साहन और बेहतर विपणन सुविधाएं देने पर बल।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत। द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा छतगुल्ला में दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए आशुतोष शाही ने दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और दुग्ध व्यवसाय को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, पशुपालन को स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनाने और पहाड़ी क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

आशुतोष शाही ने कहा कि पहाड़ के किसान और दुग्ध उत्पादक कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर दूध का उत्पादन करते हैं। उनकी मेहनत का वास्तविक लाभ उन्हें तभी मिल सकता है, जब उत्पादित दूध का उचित मूल्य मिले और भुगतान समय पर हो। इसके साथ ही पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन सुविधाएं, पशुओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल, आवश्यक तकनीकी जानकारी और दुग्ध उत्पादों की बिक्री के लिए प्रभावी विपणन व्यवस्था उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सहकारी समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को संगठित कर उनकी समस्याओं को सामने लाया जा सकता है और सामूहिक प्रयासों से दुग्ध व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने, पशुपालकों की आय में सुधार करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित करने को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने माना कि पहाड़ी क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति दी जा सकती है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण और पशुपालक रहे मौजूद

कार्यक्रम के अंत में दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के सदस्यों और क्षेत्र के सभी दुग्ध उत्पादकों को शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता चंदन जोशी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अंजू जोशी, ग्राम प्रधान प्रकाश राम आर्य, दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के सचिव सोनू जोशी, मीना आर्या, मनोज आर्या, प्रकाश आर्या सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और पशुपालक उपस्थित रहे।

See also  रानीखेत में महिला कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, महिला आरक्षण बिल पर आरोपों को बताया भ्रामक ने
error: Content is protected !!