अशोक हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल, मजखाली में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। मजखाली स्थित अशोक हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल में विद्यालय का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में धूमधाम के साथ आयोजित किया गया।
वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल सुनील कुमार (प्रशिक्षण बटालियन कमांडर) ने दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का विधिवत आगाज हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की उपप्रधानाचार्य कैप्टन डी. उमा मनिवन्नन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संबंधी गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
वार्षिक रिपोर्ट के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों, मधुर गीतों और विचारोत्तेजक नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रामलीला रही, जिसने दर्शकों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से रूबरू कराया। रामलीला के मंचन में छात्राओं ने अपने अभिनय और प्रभावशाली संवादों से खूब सराहना बटोरी।
रंगारंग प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। छात्राओं के आत्मविश्वास, मंच संचालन, अभिनय और प्रस्तुति की शैली ने यह साबित किया कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल सुनील कुमार ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय ढंग से हुआ। वार्षिक उत्सव ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के साथ ही उनमें नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया। यह आयोजन अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए यादगार एवं प्रेरणादायक बन गया।