अल्मोड़ा : धौलादेवी में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शानदार आगाज, विभिन्न संकुलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

अल्मोड़ा/धौलादेवी। विकासखंड धौलादेवी में वर्ष 2026 की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।

प्रतियोगिता का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख  लीला बिष्ट, उप शिक्षा अधिकारी धौलादेवी  दीक्षा बेलवाल, ब्लॉक खेल समन्वयक श्री हरि सिंह बिष्ट, ब्लॉक कार्यक्रम समन्वयक श्री दिनेश चंद्र आर्या तथा श्री हेम चंद्र भट्ट ने किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उप शिक्षा अधिकारी श्रीमती दीक्षा बेलवाल ने छात्र-छात्राओं को खेलों के महत्व की जानकारी दी और उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।

प्रतियोगिता में विकासखंड के आठ न्याय पंचायत संकुलों से प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक वर्ग में अपने-अपने स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ के साथ गोला फेंक, चक्का फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी और खो-खो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के दौरान शिक्षकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के साथ आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग दिया।

दौड़ प्रतियोगिताओं में विजेता

प्राथमिक वर्ग बालक वर्ग में 50 मीटर दौड़ में संकुल अंडोली के पार्थ भट्ट, 100 मीटर में अंडोली के राकेश, 200 मीटर में क्वेराली संकुल के चिराग पांडेय और 400 मीटर में अंडोली संकुल के राकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्राथमिक वर्ग बालिका वर्ग में 50 मीटर दौड़ में कलौटा संकुल की रेनू नेगी, 100 मीटर में कलौटा की नेहा पांडेय, 200 मीटर में अंडोली संकुल की निशा पांडेय तथा 400 मीटर में बमनस्वाल संकुल की प्रीति चम्याल प्रथम रहीं।

उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में कलौटा संकुल के रोशन सिंह, 200 मीटर में पोखरी संकुल के साहिल शाह, 400 मीटर में अंडोली संकुल के गोकुल तथा 600 मीटर में अंडोली संकुल के दीपांशु चम्याल ने प्रथम स्थान हासिल किया।

उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग में 100 मीटर में अंडोली संकुल की सोनाक्षी, 200 मीटर में गौली संकुल की मीनाक्षी भट्ट, 400 मीटर में अंडोली संकुल की मनीषा चम्याल तथा 600 मीटर में अंडोली संकुल की संगीता प्रथम रहीं।

कबड्डी और खो-खो में भी दिखाया दम

कबड्डी की प्राथमिक बालक वर्ग में रा.प्रा.वि. लधौली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्राथमिक बालिका वर्ग में रा.प्रा.वि. चामी की टीम विजेता रही। उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में पोखरी संकुल तथा बालिका वर्ग में बमनस्वाल संकुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

खो-खो की प्राथमिक बालक वर्ग में क्वेराली संकुल और बालिका वर्ग में अंडोली संकुल प्रथम रहे। उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में रा.उ.प्रा.वि. चामी तथा बालिका वर्ग में रा.प्रा.वि. चामी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

एथलेटिक्स की अन्य स्पर्धाओं में विजेता

गोला फेंक प्रतियोगिता में बालक वर्ग में क्वेराली संकुल के योगेश तथा बालिका वर्ग में पोखरी संकुल की संध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

लंबी कूद की प्राथमिक बालक वर्ग में भनोली संकुल के मोहित और बालिका वर्ग में अंडोली संकुल की प्रियंका प्रथम रहीं। उच्च प्राथमिक स्तर पर बालक वर्ग में अंडोली संकुल के गोकुल सिंह तथा बालिका वर्ग में गौली संकुल की निर्मला ने प्रथम स्थान हासिल किया।

ऊंची कूद के बालक वर्ग में बमनस्वाल संकुल के कार्तिक और बालिका वर्ग में पोखरी संकुल की जीविका आर्या प्रथम रहीं।

चक्का फेंक प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अंडोली संकुल के गोकुल सिंह तथा बालिका वर्ग में कलौटा संकुल की माया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत

प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं आयोजकों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर जीत की खुशी देखने को मिली। ब्लॉक समन्वयक धौलादेवी श्री दिनेश चंद्र आर्या ने सभी विजेता प्रतिभागियों को आगामी जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब जनपद स्तर पर विकासखंड धौलादेवी का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में उप शिक्षा अधिकारी धौलादेवी  दीक्षा बेलवाल ने विजेता बच्चों को पुरस्कार वितरित करते हुए प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। शिक्षकों, आयोजकों और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के सहयोग से खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

See also  रानीखेत में जंगल की आग पर फायर टीम ने पाया काबू, पंचायत घर के पास लगी थी भीषण आग
error: Content is protected !!