सीएम धामी के कार्यक्रम में विधायक हरीश धामी का हाईवोल्टेज ड्रामा! माइक फेंका, समर्थकों ने मंच पर किया हंगामा
हरीश धामी का गुस्सा सातवें आसमान पर! माइक बंद होते ही मंच पर बवाल, सीएम को कहा ‘डरपोक धामी’
‘धाकड़ धामी सुना था, डरपोक धामी पहली बार देखा’—हरीश धामी के बयान से उत्तराखंड की सियासत गरमाई
धारचूला। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर सियासी गरमाहट देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान धारचूला विधायक हरीश धामी उस समय नाराज हो गए, जब उन्हें मंच से अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला। माइक बंद किए जाने से नाराज विधायक का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने मंच से माइक उठाकर डीजे संचालक की ओर फेंक दिया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर जमकर हंगामा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में धारचूला विधायक हरीश धामी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि विधायक अपनी बात मंच से रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया। इसी दौरान ऑपरेटर द्वारा माइक बंद कर दिए जाने से विधायक नाराज हो गए। देखते ही देखते उनकी नाराजगी विरोध में बदल गई और उन्होंने माइक फेंक दिया।
घटना के बाद विधायक के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी मंच पर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान मंच पर लगे सामान को इधर-उधर फेंका गया और तोड़फोड़ की गई। काफी देर तक कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘धाकड़ धामी’ तो सुना था, लेकिन पहली बार ‘डरपोक धामी’ देखा है। उनके इस बयान ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में एक जनप्रतिनिधि को बोलने का अवसर नहीं मिलने और उसके बाद हुए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक शिष्टाचार, जनप्रतिनिधियों के सम्मान और मंच संचालन की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। यह मामला आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।






