सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय रानीखेत में ‘वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन’ विषय पर संगोष्ठी (सेमिनार) आयोजित।
सेमिनार में हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र और पर्यावरण संतुलन पर हुआ मंथन, स्कूली बच्चों के बीच आयोजित की गई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमांत मुख्यालय रानीखेत की ओर से पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की दिशा में सराहनीय पहल की गई। सीमांत मुख्यालय परिसर में महानिरीक्षक अमित कुमार के दूरदर्शी एवं कुशल नेतृत्व में ‘वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन’ विषय पर सेमिनार और वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही आमजन और युवा पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में महानिरीक्षक अमित कुमार के आगमन पर अधिकारियों एवं जवानों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डीएफओ संतोष पंत, रानीखेत तथा डीएफओ प्रदीप धौलाखंडी, सिविल सोयम अल्मोड़ा वन प्रभाग की विशेष उपस्थिति में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तृत सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच पर्यावरण विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा वृक्षों के महत्व से जुड़े सवालों के जवाब दिए। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को प्रकृति के प्रति जागरूक रहने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
सेमिनार के उपरांत सीमांत मुख्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण एवं पौधारोपण अभियान चलाया गया। इसमें महानिरीक्षक सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने उत्साह के साथ भागीदारी की तथा विभिन्न पौधे रोपकर उनके संरक्षण और देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महानिरीक्षक अमित कुमार ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संदेश दिया कि राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ प्राकृतिक विरासत और पर्यावरण की रक्षा करना भी हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी जनकल्याणकारी पहल की भावना को भी प्रमुखता से आगे बढ़ाया गया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक परीक्षित बेहरा, कमांडेंट डॉ. ए.के. सिन्हा (पशु चिकित्सा), कमांडेंट देवशीस पाल, अधिशासी अभियंता जसवीर सिंह, सहायक कमांडेंट गोविंद सिंह बोरा, सहायक कमांडेंट संजीव डिमरी सहित माउंट सिनाय एवं बीरशिवा स्कूल के छात्र-छात्राएं, शिक्षक तथा सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।






