फार्मर आईडी के फेर में फंसे किसान, खाद और दवाइयों के लिए भटकने को मजबूर, गेहूं की बुवाई पर मंडराया संकट
गदरपुर। उत्तराखंड में किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले ओलावृष्टि के चलते फसलों को नुकसान झेल चुके किसानों के सामने अब फार्मर आईडी बनाने की तकनीकी समस्या नई चुनौती बनकर सामने आई है। गदरपुर क्षेत्र में फार्मर आईडी नहीं बन पाने के कारण किसानों को खाद, उर्वरक और फसल सुरक्षा में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं। इसका सीधा असर गेहूं की बुवाई पर पड़ रहा है। समय पर खाद और आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते उन्हें सहकारी समितियों और खाद विक्रेताओं से जरूरी कृषि सामग्री नहीं मिल पा रही है। किसान लगातार आईडी बनवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण उनकी परेशानी दूर नहीं हो रही है। ऐसे में गेहूं की बुवाई का महत्वपूर्ण समय निकलता जा रहा है और आगामी फसल के उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
किसान सज्जाद हुसैन ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पहले ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ा और अब फार्मर आईडी की समस्या ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि किसान समय पर गेहूं की बुवाई करना चाहते हैं, लेकिन खाद और फसल में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां नहीं मिलने से उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। यदि बुवाई में देरी होती है तो इसका प्रतिकूल असर आगामी फसल पर पड़ सकता है।
किसानों ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि फार्मर आईडी बनने तक किसानों को खतौनी के आधार पर खाद, उर्वरक और फसल सुरक्षा दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। किसानों का कहना है कि तकनीकी खामियों का खामियाजा अन्नदाताओं को नहीं भुगतना चाहिए। जब तक फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया सुचारू नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि खेती-किसानी का काम प्रभावित न हो।
वहीं, इस मामले में गदरपुर की तहसीलदार लीना चंद्रा ने भी फार्मर आईडी बनाने में आ रही तकनीकी दिक्कतों को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि फार्मर आईडी बनाने वाले ऐप में तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिसके चलते किसानों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
तहसीलदार ने यह भी कहा कि कृषि विभाग से बातचीत कर किसानों को आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। सरकार की ओर से भी तकनीकी समस्या को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल गदरपुर क्षेत्र के किसान जल्द समस्या का समाधान होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और कृषि विभाग किसानों को राहत देने के लिए कितनी जल्दी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर पाते हैं, ताकि गेहूं की बुवाई प्रभावित न हो और किसानों को समय पर जरूरी कृषि सामग्री मिल सके।






