रानीखेत महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बांटी गई कृमिनाशक अल्बेंडाजोल

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह

 रानीखेत l स्व. श्री जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में समाजशास्त्र परिषद, रेड क्रॉस, एनएसएस एवं रोवर्स रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों को कृमिनाशक अल्बेंडाजोल टैबलेट्स 400 मि.ग्रा. वितरित की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे द्वारा की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल दवा वितरण नहीं था, बल्कि छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता आदतों की समझ विकसित करना था, वक्ताओं ने कहा कि कृमि संक्रमण, खून की कमी, कमजोरी और कुपोषण का सीधा संबंध विद्यार्थियों की उपस्थिति, एकाग्रता और शैक्षणिक प्रदर्शन से है। इसलिए स्वास्थ्य की उपेक्षा अंततः शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित करती है।

प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने कहा कि महाविद्यालय का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति वैज्ञानिक चेतना विकसित करना भी है। वाणिज्य विभाग के प्रो. पी. एन. तिवारी ने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही पढ़ाई, खेल और समाज सेवा में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है, और स्वास्थ्य पर किया गया निवेश समाज के विकास में निवेश है।

गृह विज्ञान विभाग की डॉ. निकिता ने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव में पोषण और भोजन की स्वच्छता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को भोजन बनाने और परोसने से पहले हाथ धोने, फल सब्जी अच्छी तरह धोने, साफ पानी पीने और बासी भोजन से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि घर की रसोई से ही स्वास्थ्य की आदतों का निर्माण होता है।

दवा वितरण डॉ. नीमा बोरा एवं डा पारुल भारद्वाज के नेतृत्व में किया गया । कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यमित्र और डॉ. कमला ने किया। 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साफ पानी, हाथों की सफाई, नाखूनों की स्वच्छता और स्वच्छ शौचालय के प्रयोग के महत्व के बारे में भी बताया गया। अंत में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जागरूकता को अपने परिवार और गांव तक ले जाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ. निष्ठा शर्मा, डॉ. बी. के. जोशी, डॉ. खाती, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. नीरज तिवारी सहित अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

See also  शादी से इंकार पर बॉयफ्रेंड ने लड़की का घर में घुसकर गला काटा, आधे घंटे तक हेल्प-हेल्प चिल्लाती रही, नहीं मिला इलाज
error: Content is protected !!