दो सूत्रीय मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने किया कार्य बहिष्कार, विकास भवन अल्मोड़ा के बाहर धरना

365 दिन रोजगार और मूल वेतन पर डी.ए. की मांग को लेकर अल्मोड़ा में पीआरडी जवानों का प्रदर्शन

रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन के बैनर तले पीआरडी जवानों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर विकास भवन परिसर स्थित पीआरडी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार किया। प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में जवानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द मांगें पूरी करने की मांग उठाई।

बता दें कि अपनी लंबित दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन, जनपद अल्मोड़ा से जुड़े जवानों ने विकास भवन स्थित पीआरडी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए कार्य बहिष्कार किया। जवानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद और जिला उपाध्यक्ष आनंद कंवल ने कहा कि पीआरडी जवान विभिन्न विभागों में निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद सालभर का रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि जवानों को 365 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाए और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन पर डी.ए. का लाभ दिया जाए। पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन पूरे प्रदेश में एक साथ चलाया जा रहा है।

इस मौके पर ताड़ीखेत ब्लॉक से पहुंचे ललित मोहन भगत, कमल चंद्र प्रकाश, हिमांशु, कमला, दीपा, नीतू, विमला, लक्ष्मी सहित अन्य पीआरडी जवानों ने एकजुटता दिखाते हुए मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

See also  रानीबाग चित्रेश्वर महादेव मंदिर विवाद: कथित अतिक्रमण और श्रद्धालुओं पर हमले के आरोप, कत्युरी राजवंश समाज ने SSP से की FIR दर्ज करने की मांग
error: Content is protected !!