संविधान दिवस पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित, युवाओं से संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का आह्वान

रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। स्वर्गीय  जय दत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर “संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण में युवाओं की भूमिका” विषय पर एक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक आदर्शों, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को रेखांकित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के वाणिज्य विभाग से सेवानिवृत्त प्रो. के.सी. जोशी विशिष्ट, अतिथियों के रूप में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के चित्रकला विभाग से सेवानिवृत्त प्रो. शेखर जोशी तथा कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के जन्तु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एच.सी.एस. बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति रही। 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर तथा संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संविधान सभा के सभी विद्वान सदस्यों एवं मनीषियों को पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। 

इस अवसर पर संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके आदर्शों तथा भारतीय लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में संविधान की भूमिका को स्मरण किया गया।

अपने संबोधन में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे ऊर्जावान, रचनात्मक एवं परिवर्तनशील शक्ति होते हैं। वे केवल देश के भविष्य के निर्माता ही नहीं, बल्कि वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक व्यवस्था को दिशा देने वाले सक्रिय भागीदार भी हैं। किसी भी लोकतांत्रिक राष्ट्र की सफलता, स्थिरता एवं प्रगतिशीलता बहुत हद तक उसकी युवा पीढ़ी की राजनीतिक जागरूकता, सामाजिक चेतना और उत्तरदायी नागरिक सहभागिता पर निर्भर करती है।

डॉ. जोशी ने कहा कि भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान सभा में इस तथ्य पर विशेष बल दिया था कि किसी भी संविधान की सफलता केवल उसकी लिखित व्यवस्थाओं एवं कानूनी प्रावधानों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उन लोगों के चरित्र, आचरण, संवैधानिक नैतिकता तथा संस्थागत व्यवहार पर भी निर्भर करती है, जो उसका संचालन एवं क्रियान्वयन करते हैं। इसलिए संवैधानिक मूल्यों का संरक्षण केवल सरकार, संसद, न्यायपालिका अथवा अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दायित्व नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी के निर्वहन में युवाओं की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज अनेक सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब युवाओं के लिए संविधान की मूल भावना को समझना और उसे अपने व्यवहार एवं आचरण में आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉo पूजा ने कहा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी, सामाजिक समरसता, लैंगिक समानता, धर्मनिरपेक्षता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सहिष्णुता तथा सामाजिक न्याय जैसे संवैधानिक आदर्शों के प्रति सजग रहना चाहिए। साथ ही उन्हें जातिवाद, क्षेत्रवाद, सांप्रदायिकता, भेदभाव, असहिष्णुता एवं संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास जैसी प्रवृत्तियों से समाज को मुक्त कराने में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन की एक कानूनी व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह भारतीय समाज की सामूहिक आकांक्षाओं, लोकतांत्रिक प्रतिबद्धताओं एवं राष्ट्रीय आदर्शों का प्रतिबिंब है। संविधान एक ऐसे समतामूलक, न्यायपूर्ण एवं समावेशी समाज की परिकल्पना प्रस्तुत करता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं गरिमा प्राप्त हो। संविधान की प्रस्तावना में निहित ये आदर्श भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन अथवा उत्सव तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह आत्ममंथन का अवसर भी है। इस दिन प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करेगा तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करेगा। युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक बनाकर ही एक सशक्त, समावेशी एवं उत्तरदायी लोकतांत्रिक समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण में युवाओं की भूमिका, लोकतांत्रिक सहभागिता, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता तथा नागरिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, विषय की समझ, अभिव्यक्ति कौशल एवं संवैधानिक चेतना देखने को मिली।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः प्रथम पुरस्कार मानसी फुलोरिया, द्वितीय पुरस्कार दीपिका बिष्ट तथा तृतीय पुरस्कार नेहा जोशी को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त कु. हिमानी राणा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे एवं अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में समाजशास्त्र विभाग के प्रभारी डॉ. सत्य मित्र सिंह, वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ. संतोष आर्या तथा अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. हिमानी नेगी शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण, विषयवस्तु की प्रासंगिकता, तार्किक विश्लेषण, भाषा एवं अभिव्यक्ति के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, अधिकार एवं गरिमापूर्ण जीवन का आधार प्रदान करता है। विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना को समझते हुए एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रकार के शैक्षणिक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों की सराहना की तथा विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि प्रो.प्रो. के.सी. जोशी एवं विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। इसके मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक भारतीय नागरिक का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन, चिंतन, संवाद एवं रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. धीरज सिंह खाती ने सभी अतिथियों, महाविद्यालय के प्राचार्य, निर्णायक मंडल, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक आदर्श लोकतांत्रिक नागरिक वही है, जो अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग एवं प्रतिबद्ध हो।

कार्यक्रम का समापन संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा संवैधानिक नैतिकता को अपने जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर वाणिज्य विभाग प्रभारी प्रोo पीo एनo तिवारी, डॉo लोतिका अमित, डॉo नीरज तिवारी, डॉo पारुल भरद्वाज, डॉo कमला, उमाशंकर नेगी, दिग्विजय सिंह भंडारी सहित विभिन्न कक्षाओं के लगभग 50 विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने किया।

See also  9 पुलिसकर्मियों को कोर्ट ने सुनाई मौत की सजा, हिरासत में बाप-बेटे की हुई थी मौत
error: Content is protected !!