आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत ने शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Share the News

राजौरी क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

विद्यालय में आयोजित विशेष श्रद्धांजलि सभा में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने शहीद अधिकारी के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र रहे लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के जीवन, उपलब्धियों और राष्ट्रसेवा में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अमर स्रोत रहेगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी केवल विद्यालय के गौरव ही नहीं, बल्कि देशभक्ति, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए यह गर्व का विषय है कि उसका छात्र राष्ट्र सेवा के सर्वोच्च आदर्शों को अपनाते हुए मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करे।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से शहीद अधिकारी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना और कर्तव्य के मार्ग पर चलना ही सच्ची सफलता का परिचायक है।

सभा के दौरान विद्यालय परिवार ने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आदर्शों और बलिदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा तथा विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा और उत्कृष्ट नागरिकता के मूल्यों के प्रति प्रेरित किया जाता रहेगा।

See also  नैनीताल : मल्लीताल मोहनको चौराहा के समीप भवन में लगी भीषण आग पर पाया काबू,बुजुर्ग महिला की जल कर हुई मौत
error: Content is protected !!