भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर रानीखेत में उमड़ा सम्मान, प्रभात फेरी और देशभक्ति कार्यक्रमों से गूंजा नगर

भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का 139 वाँ जन्मदिवस समारोह रानीखेत में बड़ी उत्साह के साथ मनाया गया।

रिपोर्ट – बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, हिन्दी को भारत की राजभाषा के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले और भारत रत्न से सम्मानित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती रानीखेत में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। स्थानीय पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने पंत जी के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आनंद सिंह बिष्ट तथा विशिष्ट अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी द्वारा पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने महान स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्र निर्माता पंत जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जन्मदिवस समारोह के अवसर पर प्रातःकाल नगर में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। विद्यार्थियों की प्रभात फेरी से पूरा नगर देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इसके बाद पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज, जे एंड जे सिटी मांटेसरी स्कूल, छावनी इंटर कॉलेज, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तथा आर्मी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान आयोजित वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि आनंद सिंह बिष्ट और विशिष्ट अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जन्मदिवस समारोह समिति के अध्यक्ष विमल सती ने अपने संबोधन में पंडित गोविंद बल्लभ पंत को महान स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक बताया। उन्होंने कहा कि पंत जी ने देश और समाज के गरीब, दलित, शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।

उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। आज के समय में उनके आदर्शों और मूल्यों से प्रेरणा लेकर देश के नव निर्माण में अपना योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने नई पीढ़ी से पंत जी के विराट व्यक्तित्व, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर समिति द्वारा सुंदर आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आनंद सिंह बिष्ट की उपस्थिति विशेष रही। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को प्रस्तुत किया और कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ।

इस अवसर पर हिमांशु उपाध्याय, जोगेंद्र बिष्ट, कैलाश पांडे, जगदीश अग्रवाल, दीपक पंत, राजेंद्र बिष्ट, आनंद अग्रवाल, सोनू सिद्दीकी, चंदन भगत, मोहन नेगी, उमेश पंत, गौरव तिवारी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन दीपक पंत ने किया।

See also  हल्द्वानी : छात्रा हत्याकांड पर राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु  का ग्रामीणों का संग प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन को घेरा
error: Content is protected !!