क्रिकेट के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: टीम बेचकर लाखों ऐंठे, पूर्व विधायक भी बने शिकार

Share the News

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम क्रिकेट मैच के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, आयोजक हिरासत में

हल्द्वानी में फर्जी क्रिकेट आयोजन मामला: विकास ढाका हिरासत में, कई राज्यों तक फैला नेटवर्क संदिग्ध

हल्द्वानी। गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। क्रिकेट टीम बेचने और मैच आयोजन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला उजागर होने से खेल जगत और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी आयोजक विकास ढाका बताया जा रहा है।

आरोप है कि विकास ढाका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच आयोजित कराने का दावा करते हुए टीम मालिक बनाने, खिलाड़ियों की भागीदारी, प्रचार-प्रसार और आयोजन की तैयारियों के नाम पर उत्तराखंड समेत कई अन्य राज्यों के लोगों से लाखों रुपये वसूल लिए। इस कथित ठगी में हल्द्वानी के पूर्व विधायक नारायण पाल के भी पीड़ित होने की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार 3 फरवरी से गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में क्रिकेट मैच आयोजित होने थे, लेकिन आयोजन से पहले ही न तो किसी आधिकारिक अनुमति के दस्तावेज सामने आए और न ही मैदान पर किसी तरह की ठोस तैयारियां दिखाई दीं। जैसे-जैसे आयोजन की तारीख नजदीक आई, पीड़ितों को लगातार बहाने बनाकर टालने की कोशिश की गई, जिससे संदेह गहराता चला गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजक विकास ढाका को एक होटल से पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संगठित रूप से क्रिकेट आयोजन के नाम पर धोखाधड़ी का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कुल कितनी धनराशि की ठगी की गई है और इस फर्जीवाड़े में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में कई अन्य पीड़ितों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है। इस घटना के बाद खेल आयोजनों के नाम पर की जा रही ठगी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

See also  दिल्ली बनी अपराध राजधानी; नहीं थम रहे अपराध, 3 लड़कों ने मिलकर 11वीं के छात्र को चाकू घोंपकर मार डाला
error: Content is protected !!