नीट पेपर लीक और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च
पेपर लीक से टूटे सपनों की याद में जलीं मोमबत्तियां, आत्महत्या को मजबूर हुए छात्रों को 2 मिनट का मौन रखकर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
पेपर लीक से टूटे सपनों पर जताया रोष, आत्महत्या करने वाले छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन; निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। नीट (NEET) और सीयूईटी (CUET) परीक्षाओं को लेकर सामने आए विवादों, कथित पेपर लीक की घटनाओं, आंदोलनरत छात्रों पर हुई कार्रवाई तथा परीक्षा व्यवस्था से निराश होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों की स्मृति में शनिवार शाम रानीखेत कांग्रेस के आह्वान पर कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में जलती मोमबत्तियां और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता का संदेश लिए सुभाष चौक से गांधी चौक तक शांतिपूर्वक मार्च करते रहे। मार्च के दौरान छात्रों के अधिकारों की रक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई गई।
गांधी चौक पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं और उनके साथ परिवार के सपने भी जुड़े होते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत, विश्वास और भविष्य को गहरा आघात पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था की खामियों से निराश होकर कोई छात्र आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होता है, तो यह केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज और देश की पीड़ा होती है।
वक्ताओं ने कहा कि पेपर लीक महज परीक्षा में हुई अनियमितता नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों और देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर चोट है। उन्होंने मांग की कि मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा ऐसी पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली विकसित की जाए, जिससे किसी भी छात्र को अपने भविष्य को लेकर निराशा का सामना न करना पड़े।
सभा में आंदोलनरत छात्रों पर कथित बल प्रयोग की भी आलोचना की गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी जायज़ मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले युवाओं को सुना जाना चाहिए, न कि उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाना चाहिए। सरकार का दायित्व छात्रों को न्याय, विश्वास और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। इस अवसर पर पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरुण रावत, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष गुसाईं राम, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, कार्यालय संचालक रमेश पंत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय एवं विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, कमल तिवारी, गीता माहरा, हिमानी माहरा, मेघा माहरा, चंद्रा माहरा, इंद्रा रावत, पान सिंह कुँवार्बी, मुन्नी देवी, ज्योति, संगीता डोगरा, यूथ जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत, महासचिव अरसालन शेख, मनोज कोरंगा, रुद्र माहरा, दीपक सोंटियाल, उत्कर्षा माहरा, भावेश पंत, आशीष सोंटियाल, आदित्य कुमार, गौरव कुँवार्बी, सूरज कुँवार्बी, नमन तिवारी, पवन बिष्ट, पंकज नयाल, अभिनव माहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


