अल्मोड़ा। राजकीय महाविद्यालय कुणीधार, मानिला में सोमवार को एक-दिवसीय स्वच्छता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. गोरखनाथ ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजू निगम द्वारा किया गया।
शिविर के तहत महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सफाई कर परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का परिचय देते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र प्रसाद ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य से ही नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्व से भी जुड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्राध्यापकगण डॉ. शैफाली सक्सेना, डॉ. खिला कौरंगा, डॉ. कविंद्र भट्ट, डॉ. उदय शर्मा सहित कर्मचारी वर्ग से श्री भूपाल सिंह, श्रीमती गंगा देवी और श्रीमती तुलसी देवी उपस्थित रहीं।
समापन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. गोरखनाथ ने स्वयंसेवकों से राष्ट्रहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और एनएसएस विशेष शिविर की जानकारी दी। अंत में डॉ. अंजू निगम ने विद्यार्थियों को विद्यालक्ष्मी योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
यह शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करने और स्वच्छता के महत्व को प्रभावी रूप से रेखांकित करने में सफल रहा।




















