ख्यूशालकोट में सोलर पंपिंग सिंचाई योजना का भूमि पूजन, 60 परिवारों को मिलेगा लाभ
रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। विकासखण्ड ताड़ीखेत के अंतर्गत ग्राम सभा ख्यूशालकोट के तोक सुकोली में जलागम विभाग की ओर से प्रस्तावित सोलर पंपिंग सिंचाई योजना का विधिवत भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने भूमि पूजन कर योजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। ग्रामीणों ने इस परियोजना को क्षेत्र की कृषि और किसानों के लिए मील का पत्थर बताते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण की उम्मीद जताई।
भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम के जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान उपप्रधान श्रीमती किरण आर्य, सरपंच चंदन सिंह, देवेंद्र सिंह, चंदन सिंह (चंडीगढ़ वाले), दीवान सिंह, राजेंद्र सिंह, उत्तम सिंह, श्याम सिंह, हिमांशु, लाल सिंह, शिवम करायत सहित मातृशक्ति और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने कहा कि सोलर पंपिंग सिंचाई योजना क्षेत्र के किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। योजना के माध्यम से करीब 60 परिवारों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि लगभग 3.5 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी। सौर ऊर्जा आधारित इस योजना से किसानों को वर्षभर पर्याप्त सिंचाई मिलेगी, जिससे फसलों का उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत में कमी आएगी और किसानों की आय में भी सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण और सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद आवश्यक हैं। इस परियोजना के शुरू होने से किसानों की बारिश पर निर्भरता कम होगी और वे अधिक उत्पादक एवं लाभकारी खेती कर सकेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने जलागम विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में सिंचाई की बेहतर व्यवस्था की मांग की जा रही थी। सोलर पंपिंग योजना के शुरू होने से स्थानीय किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और कृषि गतिविधियों को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों ने विभाग से योजना का निर्माण समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने की मांग भी की।


