She for STEM Scholarship से चमकीं बेटियां,रानीखेत महाविद्यालय की पांच छात्राओं को मिला सम्मान,

Share the News

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत की पांच छात्राओं को मिला सम्मान, मुख्यमंत्री की उपस्थिति में बढ़ा गौरव

रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत की छात्राओं ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करते हुए महाविद्यालय एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। महाविद्यालय की पांच छात्राओं—भावना बिष्ट, हर्षिता फरतियाल , ज्योति, ऋतु मेहरा एवं तनिषा आर्या—को प्रतिष्ठित “She for STEM Scholarship” प्राप्त हुई है।

यह उपलब्धि VigyanShaala Community Science द्वारा आयोजित 30 एवं 31 मार्च 2026 को संपन्न दो दिवसीय “She for STEM Workshop” के अंतर्गत प्राप्त हुई, जिसका उद्देश्य छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (STEM) के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा नवाचार एवं अनुसंधान के प्रति प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस का शुभारंभ पंजीकरण के साथ हुआ, जिसके पश्चात उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ तथा मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया। उद्घाटन सत्र में स्वागत उद्बोधन के पश्चात VigyanShaala Community Science की Founder-CEO डॉ. दर्शना जोशी ने “She for STEM” कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन, समाज और भविष्य को दिशा देने वाला माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से जिज्ञासु, आत्मविश्वासी एवं नवाचारी सोच अपनाने का आह्वान किया।

इसके पश्चात “Curie Chatbot” का परिचय कराया गया तथा “Women in STEM changing the face of Uttarakhand” विषय पर डॉ. रीमा पंत ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की बेटियां सीमित संसाधनों के बावजूद विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं और उन्हें बड़े सपने देखने चाहिए। कार्यक्रम में IIT-JAM क्वालिफाइड छात्रों को सम्मानित किया गया तथा “Hands-on Experiment” पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

प्रो. कमल किशोर पांडेय ने अपने व्याख्यान में कहा कि राज्य के समग्र विकास में महिलाओं की STEM क्षेत्र में भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और छात्राओं को विज्ञान को समाज एवं विकास से जोड़कर देखना चाहिए। वहीं प्रो. दुर्गेश पंत ने उत्तराखण्ड में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के परिदृश्य एवं संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को अनुसंधान, नवाचार, जैव विविधता एवं पर्यावरणीय क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी तथा उन्हें भविष्य के वैज्ञानिक एवं नवप्रवर्तक बनने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद आयोजित तकनीकी सत्रों में छात्राओं ने सतत विकास, जैव विविधता संरक्षण, एयरोडायनमिक्स, फाइटोफार्मास्यूटिकल्स, स्पेस टेक्नोलॉजी तथा अनुभवात्मक अधिगम जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान सुने, जिससे उनमें विज्ञान के प्रति नई ऊर्जा, जिज्ञासा एवं उत्साह का संचार हुआ।

कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 31 मार्च 2026 को आयोजित समापन एवं सम्मान समारोह में उत्तराखण्ड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उनके साथ प्रो. कमल किशोर पांडेय एवं प्रो. दुर्गेश पंत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में चयनित छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा उन्हें “Fabulous 50 – She for STEM Fellowship” के अंतर्गत विशेष पहचान प्रदान की गई। साथ ही “STEM Champions Laptop Distribution” जैसे प्रेरणादायक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसने छात्राओं में विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का उत्साह और बढ़ाया।

महाविद्यालय की इस उपलब्धि में “She for STEM, Ranikhet” के नोडल अधिकारी डॉ. भारत पांडेय और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने छात्राओं को इस मंच तक पहुंचाने, मार्गदर्शन देने एवं प्रेरित करने में सक्रिय योगदान दिया। 

डॉ. भारत पांडेय ने कहा—

“यह उपलब्धि हमारी छात्राओं की प्रतिभा, परिश्रम और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिणाम है। पर्वतीय क्षेत्र की बेटियां यदि उचित अवसर और मार्गदर्शन प्राप्त करें, तो वे विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित कर सकती हैं।”

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडेय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा—

“यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। हमारी छात्राएं विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं, जो अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।”

महाविद्यालय की इस सफलता से परिसर में खुशी, गर्व एवं उत्साह का वातावरण है। प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

See also  उत्तराखंड के इस जिले में नहीं रुक रहा हत्‍याओं का सिलसिला, सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
error: Content is protected !!