रानीखेत में डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल 16वें दिन जारी, 27 सूत्रीय मांगों पर सरकार से नाराजगी

Share the News

रानीखेत। उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के आह्वान पर शाखा रानीखेत द्वारा लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०) विश्राम गृह में चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल 16वें दिन भी जारी रही।

इस दौरान आयोजित बैठक में सरकार द्वारा 27 सूत्रीय मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय न लेने पर इंजीनियर्स ने गहरा रोष व्यक्त किया।

बैठक की अध्यक्षता इं० हरीश सिंह ने की, जबकि संचालन इं० ललित सिंह सिराड़ी द्वारा किया गया। हड़ताल के दौरान विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर्स ने विभागीय कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करते हुए अपनी एकजुटता दिखाई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे इंजीनियर्स में असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रमुख मांगों में कनिष्ठ अभियंताओं को प्रारंभिक ग्रेड वेतन 4600 रुपये लागू करना, सेवा काल में न्यूनतम तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित करना, एसीपी के तहत बेहतर वेतनमान, पेयजल निगम और जल संस्थान का एकीकरण तथा एनपीएस के स्थान पर ओपीएस बहाली शामिल हैं।

इसके अलावा 2014 के बाद नियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं को पूर्व की भांति एसीपी लाभ देने और आवास विभाग के इंजीनियर्स को आईएफएमएस से जोड़ने की मांग भी उठाई गई।

महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के इंजीनियर्स मौजूद रहे, जिनमें इं० गौरव पंत, इं० के०एस० बिष्ट, इं० जे०सी० पाण्डेय, इं० एल०एस० अधिकारी, इं० प्रिया डौर्बी और इं० बबीता डंगवाल सहित अन्य शामिल रहे।

See also  नैनीताल : भाजपा प्रत्याशी जीवंती भट्ट ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर किया जनसंपर्क
error: Content is protected !!