द्वाराहाट को मिली केंद्रीय विद्यालय की सौगात, सत्र 2026-27 से शुरू होगा संचालन

द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मिली मंजूरी

अल्मोड़ा।  द्वाराहाट में इस वर्ष से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना होने जा रही है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के अपर आयुक्त दीपेश गहलोत द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार राज्य सरकार द्वारा विद्यालय स्थापना के लिए भूमि का हस्तांतरण केंद्रीय विद्यालय संगठन के पक्ष में किए जाने तथा विद्यालय संचालन के लिए उपयुक्त अस्थायी भवन उपलब्ध होने के बाद केंद्रीय विद्यालय को स्वीकृति प्रदान की गई है। विद्यालय का संचालन शैक्षिक सत्र 2026-27 से शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा का बेहतर वातावरण तैयार होगा और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

See also  उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक बदलाव; कई आईएएस अफसरों के तबादले
error: Content is protected !!