भारी बिजली बिलों पर फूटा लोगों का गुस्सा, तीन माह से बंद घर का बिजली बिल आया हजारों रुपये, ऊर्जा निगम कार्यालय में प्रदर्शन

Share the News

ऊर्जा निगम का गजब का  कारनामा, तीन माह से बंद घर का बिजली बिल आया 1800 रुपये

लोहाघाट। ऊर्जा निगम द्वारा अचानक भेजे गए भारी-भरकम बिजली बिलों को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ता बुधवार को ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंचे और बिलों में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

नगर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष दिनेश सुतेड़ी के नेतृत्व में स्टेशन बाजार के व्यापारियों ने बढ़े हुए बिल दिखाकर विरोध जताया। दिनेश सुतेड़ी ने बताया कि उनका घर पिछले तीन महीनों से बंद पड़ा है और उसमें ताला लगा हुआ है, इसके बावजूद उन्हें 1800 रुपये का बिजली बिल भेज दिया गया। उन्होंने इसे पूरी तरह अनुचित बताया।

व्यापारियों के अनुसार स्टेशन बाजार निवासी जगदीश राय का 2700 रुपये, कमल राय का 2300 रुपये और कमल रावत का 2000 रुपये का बिजली बिल आया है। व्यापारी धनश्याम जोशी ने बताया कि उनका बिल पिछले महीनों की तुलना में चार गुना अधिक आया है। उन्होंने कहा कि दुकान में केवल एक एलईडी बल्ब जलाया जाता है और रात में मुख्य स्विच भी बंद रहता है, इसके बावजूद इतना अधिक बिल भेजा गया है।

व्यापारियों ने कहा कि पहले उनका बिजली बिल अधिकतम 500 रुपये तक आता था, लेकिन इस बार बिलों ने सभी को हैरान कर दिया है। उन्होंने ऊर्जा निगम से तत्काल बिलों की जांच कर संशोधन करने की मांग की।

इस दौरान नवल राय, हरीश राय, मनोज राय समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

वहीं ऊर्जा निगम के अभियंता ललित बिष्ट ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बिल अत्यधिक बढ़ा हुआ है तो वह कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकता है।

उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर दोबारा मीटर रीडिंग ली जाएगी और उपभोक्ता चाहे तो चेक मीटर लगाने के लिए भी आवेदन कर सकता है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर बिल में संशोधन किया जाएगा।

See also  अल्मोड़ा : पुस्तकालय विज्ञान में बढ़ते रोजगार अवसरों पर गोष्ठी, छात्रों को दी करियर संबंधी अहम जानकारी
error: Content is protected !!