रानीखेत महाविद्यालय में रोजगार मेले में चार विद्यार्थियों का चयन, 15 माह तक ₹18 हजार मासिक स्टाइपेंड मिलेगा

रानीखेत महाविद्यालय में रोजगार मेले का आयोजन, चार विद्यार्थियों का चयन।

रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत

रानीखेत। स्व. जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में मंगलवार को कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों को रोजगार के विभिन्न अवसरों तथा करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

रोजगार मेले में जयपुर की वैभव ग्लोबल लिमिटेड की ओर से विद्यार्थियों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें महाविद्यालय के 25 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के बाद चार विद्यार्थियों का चयन किया गया।

चयनित विद्यार्थियों को कंपनी की ओर से जेम्स एंड ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में प्रशिक्षण के साथ रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा। कंपनी की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को 15 माह की अवधि के लिए ₹18,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें परिवहन एवं यूनिफॉर्म की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। रोजगार मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के बाद सीधे औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को रोजगार, कौशल विकास और करियर से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने तथा आवश्यक कौशल विकसित करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय प्रशासन ने रोजगार मेले में चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से कहा गया कि विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के प्लेसमेंट कार्यक्रम एवं रोजगार मेलों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।

इस अवसर पर डॉ. सुरेश टम्टा, डॉ. लक्ष्मी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. नीरज तिवारी, डॉ. संगीता एवं डॉ. लक्ष्मी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। रोजगार मेले का संचालन एवं समन्वय प्रो. पी.एन. तिवारी ने किया।

See also  अल्मोड़ा : द्वाराहाट में कुमाऊँ इंजीनियरिंग कॉलेज व पॉलिटेक्निक में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अभिप्रेरण कार्यक्रम आयोजित
error: Content is protected !!