ग्रामीणों ने सिस्टम को दिखाया आईना : दो साल से पुल का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने खुद संभाली जिम्मेदारी, श्रमदान कर बनाया लकड़ी का अस्थायी पुल

छह किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करने की मजबूरी से बचने के लिए ग्रामीणों ने उठाया कदम, 2017 में बना झूला पुल 2024 में नदी में समाया
बागेश्वर। पहाड़ों में सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव किस तरह ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी को मुश्किल बना देता है, इसकी एक तस्वीर बागेश्वर जिले के रामगंगा नदी किनारे बसे कालापैर कापड़ी गांव से सामने आई है।

वर्षों से स्थायी पुल की मांग कर रहे ग्रामीणों को जब सरकारी व्यवस्था से राहत नहीं मिली तो उन्होंने खुद ही नदी के दोनों किनारों को जोड़ने की पहल कर दी। ग्रामीणों ने दो दिन तक श्रमदान कर लकड़ी का अस्थायी पुल तैयार किया है। अब इसी पुल के सहारे ग्रामीण रामगंगा नदी पार कर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं।
दरअसल, कालापैर कापड़ी को नाचनी और तेजम क्षेत्र से जोड़ने वाला झूला पुल ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख साधन था। ग्रामीण दीपू कोरंगा के अनुसार, इस पुल का निर्माण वर्ष 2017 में किया गया था, लेकिन वर्ष 2024 में पुल का साइड पिलर क्षतिग्रस्त होकर गिर गया और देखते ही देखते पूरा पुल रामगंगा नदी में समा गया। इसके बाद से ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पुल टूटने के बाद ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया। नदी पर दूसरा पुल जरूर मौजूद है, लेकिन दोनों पुलों के बीच करीब छह किलोमीटर की दूरी होने के कारण ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। नदी के दूसरी ओर स्थित नाचनी बाजार ग्रामीणों के लिए खरीदारी, बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में पुल टूटने का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ा है।

ग्रामीणों ने आवागमन की समस्या से निपटने के लिए पहले ट्राली के माध्यम से नदी पार करने की व्यवस्था की, लेकिन इससे भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हुईं। नदी पार करना लगातार जोखिम भरा बना हुआ था। स्थायी पुल निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी, लेकिन जब कोई ठोस समाधान नहीं मिला तो ग्रामीणों ने स्वयं ही अस्थायी पुल बनाने का निर्णय लिया।

दो दिन श्रमदान कर ग्रामीणों ने बनाया लकड़ी का पुल

इसके बाद ग्राम प्रधान नंदन सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एकजुट होकर रामगंगा नदी पर लकड़ी का अस्थायी पुल बनाने का काम शुरू किया। दो दिनों तक लगातार श्रमदान कर ग्रामीणों ने नदी के दोनों किनारों को जोड़ने के लिए लकड़ी का पुल तैयार कर दिया। इस कार्य में त्रिलोक सिंह कोरंगा, उमेद सिंह, चंदू कोरंगा, पुष्कर मेहता, उमेद सिंह कोरंगा, चंद्र सिंह, गोविंद कोरंगा, बहादुर सिंह, कुंदन सिंह, भूपेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, बल्लू कोरंगा, हयात सिंह, लक्ष्मण सिंह और राहुल सिंह सहित कई ग्रामीणों ने सहयोग किया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह अस्थायी पुल उनकी मजबूरी का परिणाम है। वर्षों से स्थायी पुल की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें खुद ही यह कदम उठाना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द स्थायी पुल का निर्माण शुरू कराने की मांग की है।

23.38 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार, विधायक ने जल्द निर्माण का दिया भरोसा

गौरतलब है कि रामगंगा नदी पर बना भकुना-नाचनी झूला पुल जुलाई 2018 की आपदा में बह गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल निर्माण के लिए करीब 23.38 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर तैयार की गई है। विश्व बैंक पोषित यू-प्रिपेयर परियोजना के तहत इस पुल का निर्माण प्रस्तावित है।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा है कि पुल निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

अब ग्रामीणों को इंतजार है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग कब धरातल पर उतरेगी और रामगंगा नदी पर एक बार फिर स्थायी पुल बन पाएगा। फिलहाल ग्रामीणों का श्रमदान से बनाया गया लकड़ी का अस्थायी पुल उनकी जरूरतों को पूरा करने की कोशिश जरूर है, लेकिन यह व्यवस्था स्थायी और सुरक्षित पुल का विकल्प नहीं हो सकती।

See also  अल्मोड़ा : कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने सोबन सिंह जीना मेडिकल कॉलेज में मशीनों तथा उपकरणों का किया लोकार्पण
error: Content is protected !!