निवेश के नाम पर 1.31 करोड़ की ठगी का खुलासा, उत्तराखंड पुलिस ने महाराष्ट्र से तीन साइबर ठग किए गिरफ्तार

Share the News

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर सेल ने निवेश के नाम पर बड़ी ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महाराष्ट्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों ने पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर निवासी एक व्यक्ति को अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे 1 करोड़ 31 लाख रुपये की ठगी की थी।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार, साइबर ठगों ने पीड़ित को झांसे में लेकर अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई। जब पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तो उसने देहरादून स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर एसटीएफ टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर क्षेत्र से तीन आरोपियों—प्रतीक उत्तम बाफना, आशीष कुमार और मोहम्मद श्रीम उर्फ नासिर—को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसटीएफ का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित पीड़ितों की पहचान के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश के नाम पर मिलने वाले आकर्षक ऑफरों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति या प्लेटफॉर्म पर धन निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

See also  उत्तराखंड की फ्रांस वाँलियंटर्स बेटी रितिका दिल्ली फ्रेंच दूतावास में हुई सम्मानित, प्रदेश का नाम किया रोशन 
error: Content is protected !!