रानीखेत। आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) रानीखेत की प्रतिभाशाली छात्रा तनुजा महारा ने सीबीएसई क्लस्टर XIX एथलेटिक्स मीट–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, रानीखेत और पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। तनुजा ने 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का उत्कृष्ट परिचय दिया।
यह प्रतियोगिता 23 से 25 जुलाई 2026 तक उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद स्थित रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल, मवाना में आयोजित की गई। देशभर के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में तनुजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बना दिया है।
तनुजा के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अब सीबीएसई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो पटियाला में आयोजित होगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वह आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि तनुजा राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएंगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने तनुजा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि तनुजा की मेहनत, अनुशासन और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा यह उपलब्धि विद्यालय में खेल संस्कृति को और अधिक प्रोत्साहित करेगी।
शारीरिक शिक्षा शिक्षक सैम स्मिथ और भूपेन्द्र सिंह परिहार ने भी तनुजा की कड़ी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि तनुजा सीबीएसई नेशनल्स, पटियाला में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने तनुजा महारा को इस उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी इस उपलब्धि को रानीखेत के लिए खेल जगत में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


