भीमताल में नशामुक्त चुनाव की पहल, हरीश पनेरु घर-घर पहुंचाएंगे गंगाजल, गीता और हनुमान चालीसा

Share the News

गीता गंगाजल और हनुमान चालीसा लेकर घर-घर जाएंगे हरीश पनेरु

हल्द्वानी। प्रमुख राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक अनोखा जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

शुक्रवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नशे और अवैध शराब का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिसका सबसे अधिक असर चुनावों के दौरान देखने को मिलता है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में बड़े स्तर पर शराब और नशे का उपयोग कर मतदाताओं को प्रभावित किया जाता है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। इसी को देखते हुए वे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भीमताल में “नशामुक्त चुनाव” की मुहिम शुरू कर रहे हैं।

हरीश पनेरु ने बताया कि इस अभियान के तहत वे भीमताल विधानसभा के हर घर तक पहुंचकर गंगाजल, श्रीमद्भगवद्गीता और हनुमान चालीसा वितरित करेंगे। साथ ही लोगों से अपील करेंगे कि वे चुनाव में शराब के प्रयोग का विरोध करें और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग दें।

उन्होंने कहा कि शराब के कारण सैकड़ों परिवार बर्बाद हो चुके हैं और हजारों लोग बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में समाज को जागरूक करना बेहद जरूरी है।

पनेरु ने यह भी बताया कि वे केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों, सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं सहित मुख्यमंत्री तक को गंगाजल, गीता और हनुमान चालीसा भेंट कर इस अभियान से जुड़ने का आग्रह करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को स्वच्छ और नशामुक्त बनाना है, ताकि लोकतंत्र की मर्यादा कायम रह सके और समाज स्वस्थ दिशा में आगे बढ़े।

See also  हल्द्वानी : निकाय चुनाव के मद्देनजर शहर का यातायात रहेगा डायवर्ट
error: Content is protected !!