हल्द्वानी में विवाद : पहाड़ी आर्मी अध्यक्ष हरीश रावत ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स व गोकुल मेहरा को भेजा 40 लाख का मानहानि नोटिस
हल्द्वानी। पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत और महालक्ष्मी ज्वेलर्स के बीच विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में हरीश रावत ने ज्वेलर्स के मालिक अनुज वर्मा और सोशल मीडिया यूजर गोकुल मेहरा को 40 लाख रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है।
दरअसल, अनुज वर्मा की ओर से आरोप लगाया गया था कि हरीश रावत उनके प्रतिष्ठान में पहुंचे, वहां अराजकता का वीडियो बनाया और 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इस आरोप के बाद हरीश रावत पिछले एक हफ्ते से थाने-चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने कानूनी कदम उठाया।
हरीश रावत ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि अगर उन्होंने किसी भी प्रकार की रंगदारी या गुंडागर्दी की हो तो उसकी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण से उनकी और पहाड़ी आर्मी संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड में एक सक्रिय सामाजिक-राजनीतिक संगठन है, जिससे लाखों लोग जुड़े हैं, और इस तरह के आरोप संगठन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले हैं।
साथ ही, हरीश रावत ने इस मामले को चुनावी साजिश करार देते हुए कहा कि कुछ लोग विपक्ष के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस “कुचक्र” में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस पूरे मामले ने हल्द्वानी में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।




















